पलामू में भूमि अधिग्रहण बैठक से अनुपस्थित RCD कार्यपालक अभियंता को शोकॉज
सड़क और रेल परियोजनाओं के लंबित मामलों को समय-सीमा में निपटाने का डीसी ने दिया निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

मेदिनीनगर (पलामू)। भूमि अधिग्रहण से संबंधित विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने पर उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने आरसीडी के कार्यपालक अभियंता से स्पष्टीकरण मांगा है। शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न सड़क एवं रेल परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में एनएच-75 के सेक्शन-II एवं सेक्शन-III के तहत प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण सहित जिले की विभिन्न सड़क परियोजनाओं की स्थिति पर चर्चा हुई। इसके अलावा बाजराहा गांव के समीप रेलवे ओवरब्रिज तथा सिगसिगी से संबंधित नई ब्रॉडगेज रेल लाइन परियोजना के लिए चल रही भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने लंबित भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र (एलपीसी), वंशावली, दावा पत्र, भूमि हस्तांतरण एवं मुआवजा भुगतान से जुड़े मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अंचल अधिकारियों एवं कार्यपालक अभियंताओं को आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा।
उपायुक्त श्री शेखावत ने स्पष्ट कहा कि विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भूमि अधिग्रहण से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कर परियोजनाओं को गति दी जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
बैठक में एनएच एवं भू-अर्जन से जुड़े पदाधिकारी तथा विभिन्न अंचलों के अंचलाधिकारी उपस्थित थे।
![]()





