तालाब में नहाने के दौरान 25 वर्षीय युवक की डूबने से दर्दनाक मौत


रिपोर्ट: बरहरवा से
बरहरवा (राधानगर)। राधानगर थाना क्षेत्र के रजक टोला, उधवा में सोमवार सुबह एक हृदयविदारक घटना घटी, जहाँ तालाब में नहाने के दौरान एक 25 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान तूफान प्रमाणिक (निवासी – बिहार) के रूप में हुई है, जो अपनी नानी के साथ उधवा में रहता था।
मिली जानकारी के अनुसार, तूफान प्रमाणिक सुबह लगभग 8:00 बजे घर से कुछ दूरी पर स्थित तालाब में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। वहां मौजूद अन्य लोगों ने जब उसे डूबते देखा, तो तुरंत शोर मचाया और परिजनों को सूचना दी गई। ग्रामीणों और परिजनों द्वारा काफी प्रयास के बाद उसे तालाब से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में बरहरवा अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि तूफान को तैरना नहीं आता था। नहाने से पहले वह अपनी नानी सावित्री देवी से चाय बनाने को कहकर गया था और बोला था कि “नहा कर तुरंत आकर चाय पिएंगे।” लेकिन वह वापस लौट कर नहीं आ सका। एकमात्र सहारा गंवाने के दुख में नानी सावित्री बार-बार बेहोश हो जा रही थीं। उनका विलाप पूरे गांव को गमगीन कर गया।
घटना की सूचना मिलते ही राधानगर थाना से एएसआई दीवान कुमार निर्मल पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।
तूफान प्रमाणिक के माता-पिता का देहांत पहले ही हो चुका था, और वह बचपन से अपनी नानी के पास रह रहा था। उसकी असामयिक मृत्यु से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
![]()




