रेलवे ठेकेदार बनकर साइबर ठग ने व्यवसायी से ठगे 49,998 रुपये
गिट्टी-बालू का कारोबार करने का दिया झांसा, फोन-पे के जरिए खाते से उड़ाई रकम; पीड़ित ने पुलिस से की शिकायत

निशांत कुमार सानू।
साहिबगंज। साइबर ठग अब कारोबारियों को भी अपने जाल में फंसाकर ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला राजमहल थाना क्षेत्र के मानसिंगा का है, जहां रेलवे ठेकेदार बनकर पहुंचे एक साइबर ठग ने गिट्टी-बालू का कारोबार करने का झांसा देकर सीमेंट-छड़ व्यवसायी नईम शेख से 49,998 रुपये की ठगी कर ली। ठगी का खुलासा तब हुआ, जब व्यवसायी ने तीनपहाड़ में कथित रेलवे ठेकेदार के बारे में जानकारी जुटाई। जांच में जसवंत नाम का कोई ठेकेदार नहीं मिला।
पीड़ित नईम शेख के अनुसार, शुक्रवार को जसवंत नामक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और खुद को रेलवे का ठेकेदार बताते हुए गिट्टी-बालू की मांग की। बातचीत के बाद व्यवसायी बताए गए स्थान पर पहुंचे, जहां एक हाइवा गिट्टी गिरवायी गयी। इसके बाद बालू का सौदा 68 हजार रुपये में तय हुआ।

इसी सौदे के बीच ठग ने अपनी चाल चली। उसने फोन-पे के माध्यम से 50 हजार रुपये भेजने की बात कही और बाद में एक लाख रुपये का भुगतान करने का भरोसा दिलाया। उसकी बातों पर विश्वास कर व्यवसायी ने फोन-पे के जरिए 49,998 रुपये भेज दिए। रकम भेजने के बाद जब कथित ठेकेदार ने दोबारा और पैसे की मांग की, तो व्यवसायी को संदेह हुआ।
इसके बाद उन्होंने तीनपहाड़ में जसवंत नामक रेलवे ठेकेदार के बारे में पता लगाया। जांच-पड़ताल में ऐसा कोई ठेकेदार नहीं मिला। तब जाकर व्यवसायी को एहसास हुआ कि कारोबार का सौदा दरअसल साइबर ठगी का जाल था। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर ठग की पहचान में जुटी है।
![]()





