कोटालपोखर में दुर्गा पूजा की तैयारी शुरू,भूमि पूजन कर गाड़ी गई खूंटी
Pakud news

कोटालपोखर (साहिबगंज) : शारदीय दुर्गा पूजा को लेकर कोटालपोखर थाना रोड में तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंडाल निर्माण के लिए भूमि पूजन और खूंटी पूजन किया गया।
आचार्य द्वारा मंत्रोच्चार के साथ भूमि की शुद्धि कर विधि-विधान से पूजा कराई गई। इसके बाद पहली पवित्र खूंटी रोपी गई और पंडाल निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने “जय माता दी” के जयकारे लगाए, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।

पूजा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस बार पंडाल को आकर्षक और भव्य काल्पनिक थीम पर सजाया जाएगा। इसके लिए पश्चिम बंगाल और स्थानीय कारीगरों को बुलाया गया है। पंडाल के साथ-साथ आकर्षक विद्युत सज्जा और रोशनी की भी विशेष व्यवस्था की जाएगी।
समिति ने बताया कि अक्टूबर में होने वाले शारदीय नवरात्र से पहले पंडाल निर्माण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर भी पूरी तैयारी की जा रही है।
इस मौके पर पूजा समिति के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
![]()




