साहिबगंज कॉलेज के छात्रावास परिसर में खुला पुस्तकालय,अब शांत माहौल में पढ़ाई कर सकेंगे विद्यार्थी
डीडीसी सतीश चंद्रा ने संसाधन बढ़ाने का दिया भरोसा, सीओ ने बेहतर संचालन के लिए छात्र समिति गठित करने का दिया सुझाव

रिपोर्ट : सोनू कुमार,
साहिबगंज। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे साहिबगंज कॉलेज के विद्यार्थियों को अब अध्ययन के लिए बेहतर माहौल मिल सकेगा। लंबे समय से प्रतीक्षित छात्रावास परिसर स्थित महाविद्यालय के पुस्तकालय को विद्यार्थियों के नियमित अध्ययन के लिए खोल दिया गया है। इससे छात्र-छात्राओं को शांत वातावरण में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने और पाठ्यक्रम का अध्ययन करने की सुविधा मिलेगी।
पुस्तकालय की व्यवस्था का जायजा लेने उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सतीश चंद्रा और सदर अंचलाधिकारी (सीओ) बासुकीनाथ टुडू पहुंचे। इस दौरान उन्होंने उपलब्ध संसाधनों और सुविधाओं का निरीक्षण किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पुस्तकालय को विद्यार्थियों के लिए अधिक उपयोगी और सुविधाजनक बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्राचार्य ने दोनों अधिकारियों का पारंपरिक अंगवस्त्र और पौधा भेंटकर स्वागत किया।

पुस्तकालय ज्ञान और नए विचारों का केंद्र : डीडीसी
डीडीसी सतीश चंद्रा ने कहा कि पुस्तकालय केवल किताबों का संग्रह नहीं, बल्कि ज्ञान अर्जित करने, नए विचार विकसित करने और भविष्य की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने विद्यार्थियों से पुस्तकालय की सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने और नियमित अध्ययन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लक्ष्य हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और एकाग्रता जरूरी है।
डीडीसी ने पुस्तकालय के बेहतर रखरखाव पर जोर देते हुए भरोसा दिलाया कि भविष्य में अध्ययन से जुड़े संसाधनों को बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन आवश्यक पहल करेगा।
संचालन में छात्र भी निभाएं जिम्मेदारी : सीओ
सदर अंचलाधिकारी बासुकीनाथ टुडू ने पुस्तकालय के सुचारू संचालन के लिए विद्यार्थियों की एक समिति गठित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई महत्वपूर्ण शैक्षणिक सुविधा है। इसकी स्वच्छता, सुरक्षा और नियमित रखरखाव की जिम्मेदारी विद्यार्थियों को भी सामूहिक रूप से निभानी चाहिए। छात्र समिति के माध्यम से पुस्तकालय की व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलेगी।
प्रशासन और कॉलेज की पहल से मिली सुविधा
जिला प्रशासन और महाविद्यालय प्रशासन के संयुक्त प्रयास से पुस्तकालय को विद्यार्थियों के अध्ययन के लिए उपलब्ध कराया गया है। इसका उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ-साथ नियमित शैक्षणिक अध्ययन के लिए शांत और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है। पुस्तकालय खुलने से विद्यार्थी सामूहिक अध्ययन, ज्ञानवर्धन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को अधिक व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ा सकेंगे।
प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध कराने में जिला प्रशासन के सहयोग और पहल के लिए आभार जताया। उन्होंने विद्यार्थियों से पुस्तकालय की गरिमा बनाए रखने, स्वच्छता का ध्यान रखने और उपलब्ध संसाधनों का जिम्मेदारी से उपयोग करने की अपील की।
शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी रहे उपस्थित
मौके पर हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. सोनू कुमार साहू, अंग्रेजी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. सेमी विक्टर मरांडी, बीएड विभाग के सहायक प्राध्यापक नितिन कुमार, डॉ. मोहम्मद असादुल्लाह, सहायक प्राध्यापक अदिति सुरीन, पुस्तकालय कर्मी अशफाक अहमद, चितरंजन रविदास, अमित कुमार एवं श्याम लाल सहित छात्रावास नायक रितेश रंजन, अमित हांसदा, सचिन पासवान, सोनू कुमार रजक, बृजेश कुमार, बाबूधन कुमार और अभिषेक कुमार समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
![]()





