टीनबांग्ला छठ पोखर में 80 घाट तैयार, व्रतियों के लिए चेंजिंग रूम और मेडिकल टीम की होगी व्यवस्था
15 नवंबर को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम और जागरण का आयोजन

पाकुड़ संवाददाता। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पाकुड़ के टीनबांग्ला छठ पोखर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। चार दिवसीय महापर्व को लेकर पूरा घाट परिसर सजने लगा है। व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पोखर में करीब 80 घाट तैयार किए गए हैं। नगर परिषद और टीनबांग्ला छठ पूजा समिति के संयुक्त प्रयास से साफ-सफाई, विद्युत सज्जा, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
80 घाटों पर अर्घ्य देंगे व्रती,सफाई का काम पूरा
छठ के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पोखर में करीब 80 घाट तैयार किए गए हैं। नगर परिषद की ओर से 10 से 15 सफाई कर्मियों को लगाकर घाटों और आसपास के परिसर की साफ-सफाई पूरी करा ली गई है। वहीं, पूजा समिति की ओर से आकर्षक विद्युत सज्जा और रंग-बिरंगी रोशनी से पूरे परिसर को सजाने की तैयारी की जा रही है। पर्व के दौरान व्रतियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, श्रद्धालुओं को मिलेगी मेडिकल सुविधा
व्रती महिलाओं की सुविधा और निजता को ध्यान में रखते हुए घाट परिसर में विशेष चेंजिंग रूम बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए मेडिकल सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। पोखर में अर्घ्य के दौरान सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों की तैनाती होगी। वहीं, अग्निशमन विभाग की ओर से भी सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे।
15 नवंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम और जागरण से सजेगी छठ की शाम
महापर्व के अवसर पर 15 नवंबर को टीनबांग्ला छठ पोखर परिसर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम और जागरण का आयोजन किया जाएगा। इसमें स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति और संगीत के रंग में सराबोर करेंगे। पूजा समिति की ओर से आयोजन को यादगार बनाने की तैयारी की जा रही है।
शांतिपूर्ण और सुविधाजनक आयोजन हमारा लक्ष्य : उदय लखमानी
छठ पूजा समिति के अध्यक्ष उदय लखमानी ने बताया कि नगर परिषद के सहयोग से घाटों की साफ-सफाई पूरी करा ली गई है। समिति का मुख्य उद्देश्य व्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि वे पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें। महापर्व को शांतिपूर्ण और भक्तिमय माहौल में संपन्न कराने के लिए समिति के सभी सदस्य जुटे हुए हैं। तैयारियों में रवि जायसवाल, बप्पा दे, रंजीत कुमार, विष्णु राय, सूरज राय, चंदन, मनोज पंडित और सागर खत्री समेत अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
![]()





