पहाड़िया बच्चों के 100 बेड के छात्रावास निर्माण पर सवाल, घटिया ईंट-सरिया के इस्तेमाल का आरोप
pakud news

रिपोर्ट:केशव तिवारी, पाकुड़ ब्यूरो संवाददाता।
पाकुड़। लिट्टीपाड़ा में आदिम जनजाति पहाड़िया बच्चों के बेहतर भविष्य और शिक्षा की सुविधा के उद्देश्य से बन रहे 100 बेड के पीवीटीजी छात्रावास का निर्माण कार्य विवादों में घिर गया है। मॉडल प्लस टू विद्यालय, हेटबांधा परिसर में निर्माणाधीन छात्रावास में कथित तौर पर घटिया ईंट और सरिया के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया है। पूर्व जिला परिषद सदस्य सह पी-पेसा 1996 एक्टिविस्ट शिवचरण मालतो ने निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितता का आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
घटिया ईंट-सरिया से निर्माण, मजबूती पर उठे सवाल
शिवचरण मालतो के अनुसार, छात्रावास निर्माण में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है। आरोप है कि भवन निर्माण में घटिया दर्जे की ईंट और सरिया का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा निर्माण के दौरान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पानी की तराई (क्योरिंग) भी नहीं की जा रही है। ऐसे में भवन की मजबूती और लंबे समय तक टिकाऊ रहने को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

सूचना पट्ट नदारद,निर्माण कार्य में पारदर्शिता पर सवाल
निर्माण स्थल पर योजना से संबंधित सूचना पट्ट नहीं लगाए जाने पर भी उन्होंने कड़ी आपत्ति जतायी है। उनका कहना है कि सूचना पट्ट नहीं होने से आम लोगों को योजना की प्राक्कलित राशि, निर्माण की समय-सीमा और अन्य जरूरी जानकारियां नहीं मिल पा रही हैं। इससे निर्माण कार्य की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्कूल के क्लासरूम बने मजदूरों का ठिकाना
छात्रावास निर्माण के नाम पर विद्यालय परिसर के इस्तेमाल को लेकर भी नाराजगी जतायी गयी है। आरोप है कि स्कूल के क्लासरूम में मिस्त्री और मजदूरों को ठहराया जा रहा है, जबकि परिसर में सीमेंट, छड़ समेत अन्य निर्माण सामग्री जमा कर दी गयी है। शिवचरण मालतो ने कहा कि विद्यालय परिसर बच्चों की पढ़ाई के लिए है, न कि मजदूरों के आवास और निर्माण सामग्री के भंडारण के लिए। विभाग की ओर से परिसर खाली कराने का निर्देश दिए जाने के बावजूद अब तक इसे खाली नहीं कराया गया है। उन्होंने इसे संवेदक की मनमानी और विभागीय उदासीनता बताया।
निर्माण सामग्री की तकनीकी जांच कराने की मांग
शिवचरण मालतो ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, ईंट-सरिया समेत सभी निर्माण सामग्रियों की तकनीकी जांच कराने और विद्यालय परिसर को तत्काल खाली कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पहाड़िया समाज के बच्चों के भविष्य से जुड़ी इस महत्वपूर्ण योजना में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। यदि निर्माण में गुणवत्ता से समझौता हुआ तो इसका खामियाजा भविष्य में छात्रावास में रहने वाले बच्चों को भुगतना पड़ सकता है। इसलिए प्रशासन समय रहते मामले की जांच कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करे।
![]()





