हिरणपुर में ब्राउन शुगर के साथ दो युवक गिरफ्तार,बिना नंबर बाइक भी जब्त
पुलिस को देख भागने लगे आरोपी, पीछा कर दबोचा गया:NDPS एक्ट के तहत भेजे गए जेल

पाकुड़ (संवाददाता):
हिरणपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब पांच ग्राम ब्राउन शुगर, एक बिना नंबर की हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल तथा सिल्वर पेपर रोल का टुकड़ा बरामद किया है।

गिरफ्तार युवकों की पहचान सुंदपुर निवासी शिवा दत्ता (पिता संदीप दत्ता) और कमलघाटी निवासी मो. जियाउल अंसारी (पिता मो. शमशेर अंसारी) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर की शाम करीब सात बजे गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक अवैध ब्राउन शुगर लेकर हिरणपुर क्षेत्र में खरीद-बिक्री और सेवन के उद्देश्य से आने वाले हैं। सूचना के आधार पर एसडीपीओ पाकुड़ के नेतृत्व में विशेष टीम (SIT) का गठन किया गया।
इसके बाद पुलिस टीम हिरणपुर-पाकुड़ मुख्य सड़क स्थित हाई स्कूल मोड़, हाथकाठी के पास पहुंचकर निगरानी करने लगी। इसी दौरान पाकुड़ की ओर से एक बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन दोनों युवक भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान मो. जियाउल अंसारी के पैंट की जेब से काले प्लास्टिक में पैक करीब पांच ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। इसके अलावा मौके से बिना नंबर की मोटरसाइकिल और सिल्वर पेपर भी जब्त किया गया।
इस संबंध में हिरणपुर थाना कांड संख्या 65/2026 दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(ए)/29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की आगे जांच जारी है।
![]()




