हेमंत सोरेन पत्नी कल्पना के साथ चांडिल स्थित मामा घर पहुंचे, निभाई पारंपरिक रस्म
Jharkhand News

मां के निधन के बाद पारिवारिक रस्म निभाने मामा घर पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पत्नी कल्पना सोरेन भी रहीं साथ
सरायकेला-खरसावां। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को अपनी पत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल स्थित अपने मामा घर पहुंचे। यहां धातकीडीह (कांगलाटांड़) में उन्होंने अपनी दिवंगत माता रूपी सोरेन के निधन के बाद पारिवारिक परंपरा के अनुसार आयोजित रस्म अदायगी में हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री के मामा घर पहुंचने पर परिवार के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

दरअसल, झारखंडी आदिवासी समाज में माता-पिता के निधन के बाद अंतिम संस्कार, श्राद्धकर्म और अस्थि विसर्जन जैसी धार्मिक एवं पारिवारिक प्रक्रियाएं पूरी होने के पश्चात मामा घर जाकर विशेष रस्म निभाने की परंपरा प्रचलित है। इसी परंपरा का निर्वहन करने के लिए मुख्यमंत्री अपनी पत्नी के साथ मामा घर पहुंचे थे।
इस रस्म के दौरान मामा घर में परिवार के सदस्यों का पैर धोकर स्वागत किया जाता है। इसके बाद उन्हें पारंपरिक भोजन कराया जाता है। स्थानीय सामाजिक मान्यताओं के अनुसार, इस प्रक्रिया को छुतका दूर करने की रस्म के रूप में देखा जाता है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी परिवार के साथ इस पारंपरिक आयोजन में भाग लेकर झारखंड की पारिवारिक और सांस्कृतिक परंपराओं का निर्वहन किया। इस दौरान पारिवारिक माहौल के बीच रीति-रिवाजों का पालन किया गया।
![]()




