डेढ़ साल बाद फिर शुरू हुई साहिबगंज-मनिहारी यात्री फेरी सेवा, गंगा में उतरा जहाज ‘अंबा’
Jharkhand news

रिपोर्ट:सोनू कुमार,
साहिबगंज। गंगा पार आवागमन करने वाले साहिबगंज और मनिहारी के हजारों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। करीब डेढ़ साल से बंद यात्री फेरी सेवा एक बार फिर शुरू हो गई है। लंबे इंतजार के बाद यात्री जहाज ‘अंबा’ के दोबारा परिचालन शुरू होने से दोनों ओर के लोगों में खुशी की लहर है। बुधवार को जिला परिषद उपाध्यक्ष सुनील यादव ने विधिवत पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर जहाज को रवाना किया।
पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुआ जहाज का परिचालन
फेरी सेवा के पुनः शुभारंभ को लेकर गंगा तट पर उत्साह का माहौल रहा. जिला परिषद उपाध्यक्ष सुनील यादव ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. इसके बाद नारियल फोड़कर यात्री जहाज ‘अंबा’ को हरी झंडी दिखायी. फिलहाल साहिबगंज के कारगिल क्षेत्र से सटे बिहार के महेशपुर घाट से मनिहारी के बीच फेरी सेवा शुरू की गयी है. इससे यात्रियों को गंगा नदी पार करने के लिए फिर से सीधी जल परिवहन सुविधा मिल सकेगी.

सेवा बंद होने से यात्रियों को हो रही थी परेशानी
गौरतलब है कि यात्री फेरी सेवा एक अप्रैल 2025 से बंद थी. करीब डेढ़ साल तक सेवा ठप रहने से साहिबगंज और मनिहारी के बीच गंगा पार करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी. खासकर रोजाना आवागमन करने वाले लोगों और कारोबारियों को वैकल्पिक व्यवस्था पर निर्भर रहना पड़ता था. फेरी सेवा बहाल होने से अब यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.
आवागमन के साथ कारोबार को भी मिलेगी रफ्तार
गंगा नदी के दोनों किनारों पर बसे साहिबगंज और मनिहारी के बीच फेरी सेवा केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि स्थानीय कारोबार और जनजीवन की महत्वपूर्ण कड़ी भी है. ऐसे में जहाज ‘अंबा’ का परिचालन दोबारा शुरू होना क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है. लोगों को उम्मीद है कि नियमित सेवा से गंगा पार आवाजाही आसान होगी और दोनों क्षेत्रों के बीच व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.
![]()





