कारगिल पार्क में धूमधाम से मना 94वां भारतीय वायुसेना दिवस
VOJ की लातेहार इकाई ने वीर जवानों को दी श्रद्धांजलि, पूर्व वायु सैनिकों का हुआ सम्मान; जरूरतमंद परिवारों के बीच अनाज का वितरण

लातेहार, 8 अक्टूबर। वेटरन ऑर्गनाइजेशन ऑफ झारखंड (VOJ) की लातेहार इकाई की ओर से गुरुवार को कारगिल पार्क में 94वां भारतीय वायुसेना दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में भारतीय वायुसेना के शौर्य, साहस और देशसेवा को याद करते हुए वीर जवानों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त की गई।
समारोह के मुख्य अतिथि जिला कोर्ट के वरिष्ठ अधिकारी राजीव कुमार उपाध्याय थे। कार्यक्रम में पूर्व वायु सैनिक प्रेम प्रकाश शुक्ला और अरुण कुमार समेत कई पूर्व सैनिक, स्थानीय नागरिक एवं गणमान्य लोग शामिल हुए। मुख्य अतिथि ने कारगिल स्टैच्यू पर माल्यार्पण कर वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी और दोनों पूर्व वायु सैनिकों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद वायुसेना दिवस का केक काटकर समारोह मनाया गया। इस दौरान भारतीय वायुसेना के आदर्श वाक्य ‘नभः स्पृशं दीप्तम्’ (Touch the Sky with Glory) को भी स्मरण किया गया।
सेवानिवृत्ति के बाद भी देशसेवा का जज्बा कायम : मुकेश कुमार
VOJ के अध्यक्ष एवं पूर्व सैनिक मुकेश कुमार ने कहा कि सैनिक वर्दी में देश की सेवा करते हुए अपने परिवार से दूर रहकर राष्ट्रहित और जनहित में कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी देशसेवा का जज्बा कायम रहता है। इसी भावना के साथ VOJ युवाओं को सही दिशा देने और जरूरतमंद लोगों की सहायता करने का कार्य कर रहा है।
उन्होंने बताया कि संगठन की ओर से झारखंड के विभिन्न जिलों में विशेष अवसरों पर गांव-गांव जाकर जरूरतमंदों की सहायता की जाती है। साथ ही युवाओं को राष्ट्रसेवा और सकारात्मक सोच के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सैनिक या पूर्व सैनिक का सम्मान जरूर करें, क्योंकि यह सम्मान देशसेवा के प्रति सम्मान है।

जरूरतमंद परिवारों को बांटा गया अनाज
वायुसेना दिवस के अवसर पर VOJ के पूर्व सैनिकों और स्थानीय लोगों ने 7 अक्टूबर को अनाज-दान कार्यक्रम भी आयोजित किया था। एकत्रित अनाज ग्राम लाई एवं आसपास के क्षेत्रों के जरूरतमंद परिवारों के बीच वितरित किया गया।
इस अवसर पर समाजसेवी स्वर्गीय बलिराम सिंह के सामाजिक योगदान को भी याद किया गया। बताया गया कि जरूरतमंदों की सहायता की यह पहल उनके द्वारा शुरू की गई थी। उनके पुत्र कुमार माधवन ने अपने पिता के सामाजिक कार्यों और योगदान को स्मरण किया।
पूर्व सैनिकों और गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक एवं VOJ के पूर्व सैनिक मुरारी प्रसाद शर्मा ने समारोह की अगुवाई की। वक्ताओं ने भारतीय वायुसेना के गौरवपूर्ण इतिहास, वीरता और राष्ट्रसेवा पर विचार व्यक्त किए।
समारोह में पूर्व सैनिक किशोर उरांव, खाटू श्याम इंडेन के राजीव रंजन सिंह, पंजाब नेशनल बैंक लातेहार के मुख्य खजांची रवि टोपनो समेत बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
वेटरन ऑर्गनाइजेशन ऑफ झारखंड का मुख्य कार्यालय रांची में हेहल अंचल कार्यालय के समीप स्थित है। संगठन झारखंड के पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान, अधिकारों एवं हितों के लिए कार्य कर रहा है।
समारोह का समापन राष्ट्रप्रेम, सैनिकों के सम्मान और जरूरतमंदों की सहायता के संकल्प के साथ हुआ।
![]()





