स्थानीय समाचारझारखंड समाचारलातेहार
Trending

लातेहार में राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा पर भव्य मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन, लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण

उपायुक्त संदीप कुमार ने किया उद्घाटन, झारखंड की संस्कृति और विकास योजनाओं की दिखी झलक; आंदोलनकारियों एवं प्रतिभावान स्कूली बच्चों को किया गया सम्मानित

Views: 1
0 0
Read Time:9 Minute, 16 Second
लातेहार। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर मंगलवार को लातेहार के टाउन हॉल में मेला-सह-प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों, जनकल्याणकारी गतिविधियों और झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त संदीप कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
लातेहार में राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा पर भव्य मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन, लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण

इस अवसर पर उपायुक्त संदीप कुमार ने जिलेवासियों को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष छठ महापर्व को ध्यान में रखते हुए सरकार के निर्देशानुसार स्थापना दिवस समारोह को पखवाड़ा के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 17 से 24 नवंबर तक जिले में विभिन्न विभागों के माध्यम से जनकल्याणकारी और जागरूकता से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किये गये।

जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष प्रेरणास्रोत

उपायुक्त ने कहा कि झारखंड की पहचान यहां की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपरा, प्राकृतिक संपदा और वीर सपूतों के संघर्ष एवं बलिदान से है। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष कर समाज को नई दिशा दी। उनके आदर्शों और विचारों को आत्मसात करते हुए राज्य एवं जिले के समग्र विकास में सभी को सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

लातेहार में राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा पर भव्य मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन, लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण

उन्होंने कहा कि मेला-सह-प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य आम लोगों तक सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी पहुंचाना है, ताकि पात्र लाभुक योजनाओं का लाभ उठा सकें। जिला प्रशासन का प्रयास है कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करना होगा।

जनप्रतिनिधियों ने राज्य की सांस्कृतिक विरासत और संघर्ष को किया याद

जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी ने जिलेवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झारखंड का गठन लंबे संघर्ष और आंदोलन के बाद हुआ है। राज्य की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और जनजातीय विरासत हमारी पहचान है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष एवं बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

लातेहार में राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा पर भव्य मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन, लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण

उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद ने कहा कि इस तरह के आयोजन जिले के विकास, सांस्कृतिक विरासत और सरकारी योजनाओं को आमजनों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने लोगों से विभागीय स्टॉलों का भ्रमण कर योजनाओं की जानकारी लेने और पात्रता के अनुसार लाभ उठाने की अपील की।

नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह ने भी राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झारखंड के निर्माण में पूर्वजों का लंबा संघर्ष और बलिदान जुड़ा है। उनके सपनों का झारखंड बनाने में सभी को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां, आंदोलनकारियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक मंच पर स्कूली बच्चों ने पारंपरिक नृत्य और आदिवासी संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। इस दौरान झारखंड आंदोलनकारियों के योगदान को नमन करते हुए उन्हें शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। वहीं, उत्कृष्ट प्रस्तुतियों और उपलब्धियों के लिए स्कूली बच्चों को भी सम्मानित किया गया।

विभिन्न योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण

मेला-सह-प्रदर्शनी के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से पात्र लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों, स्वीकृति पत्रों और नियुक्ति पत्रों का वितरण किया गया।

  • समाज कल्याण विभाग की ओर से 20 बच्चों को स्वेटर, सावित्रीबाई फुले योजना के तहत प्रमाण पत्र तथा तीन लाभुकों को मुख्यमंत्री कन्यादान योजना का लाभ दिया गया। एक सेविका और एक सहायिका को चयन पत्र प्रदान किया गया।

  • राजस्व विभाग की ओर से मनिका, चंदवा एवं लातेहार अंचल के दो-दो ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया।

  • आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से दो आश्रितों को मुआवजा राशि का भुगतान किया गया। हिट एंड रन मामले में भी दो आश्रितों को मुआवजा दिया गया।

  • कृषि एवं संबंधित विभागों की ओर से एक ट्रैक्टर का वितरण किया गया।

  • वन अधिकार के तहत दो व्यक्तिगत वन पट्टे और दो वाद्य यंत्र वितरित किये गये।

  • जन वितरण प्रणाली के 20 दुकानदारों एवं दो प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया।

  • छह नियुक्ति पत्र वितरित किये गये तथा दो लाभुकों को सर्वजन पेंशन योजना का स्वीकृति पत्र दिया गया।

  • मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत तीन लाभुकों को गाय और चार यूनिट बतख वितरित की गयी।

  • जेएसएलपीएस की ओर से लोटापानी एवं सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ) का वितरण किया गया।

  • नगर पंचायत की ओर से दो लाभुकों को शहरी आवास योजना का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।

स्वास्थ्य जांच और रक्तदान शिविर का भी हुआ आयोजन

कार्यक्रम के दौरान रक्तदान शिविर एवं स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जहां लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। इसके बाद उपायुक्त सहित अन्य अतिथियों ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाये गये स्टॉलों का निरीक्षण किया। स्टॉलों के माध्यम से सरकारी योजनाओं, आजीविका गतिविधियों, स्वास्थ्य सेवाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों, कृषि नवाचारों और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी आमजनों को दी गयी।

लातेहार में राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा पर भव्य मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन, लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण

मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, आईटीडीए निदेशक सरोजिनी तिर्की, अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, डीएलओ प्रभात कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह, सांसद प्रतिनिधि अमलेश सिंह, विधायक प्रतिनिधि, जिला परिषद सदस्य, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित थे।

Loading

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %

About The Author

Related Articles

Average Rating

5 Star
0%
4 Star
0%
3 Star
0%
2 Star
0%
1 Star
0%

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button