मंगलहाट सड़क दुर्घटना में घायल कन्हाई मंडल की इलाज के दौरान मौत,क्षेत्र में शोक
Accident, Sadak durghatna

मंगलहाट/राजमहल संवाददाता
राजमहल थाना क्षेत्र के कन्हैयास्थान गांव में सड़क दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, कन्हैयास्थान गांव निवासी कन्हाई मंडल (58) बीते सोमवार शाम करीब 7:45 बजे अपने घर के सामने फोरलेन मुख्य सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद रेफर किया गया
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों और परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
इसके बाद परिजन उन्हें भागलपुर ले गए, लेकिन वहां से भी हालत नाजुक होने के कारण उन्हें रांची रिम्स रेफर कर दिया गया।
रिम्स में इलाज के दौरान तोड़ा दम
रांची रिम्स में कन्हाई मंडल का इलाज चल रहा था, लेकिन मंगलवार देर शाम लगभग 8 बजे, घटना के करीब 24 घंटे बाद उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
परिवार में मचा कोहराम
कन्हाई मंडल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी बिजोल देवी का रो-रोकर कहना था कि अब परिवार का सहारा कौन बनेगा और जीवन कैसे चलेगा।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी
सूचना के अनुसार, मृतक के पुत्र पप्पू मंडल ने बताया कि पार्थिव शरीर को एंबुलेंस के माध्यम से राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल लाया जा रहा है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद राजमहल थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
![]()




