बरहरवा-फरक्का मुख्य पथ के किनारे फंदे से लटका मिला 19 वर्षीय युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
फूल तोड़ने पहुंची महिला ने देखा शव, काहरपाड़ा निवासी शाहबाज शेख की मौत से परिजनों में मचा कोहराम

कोटालपोखर संवाददाता। बरहरवा थाना क्षेत्र के बरहरवा-फरक्का मुख्य पथ पर काहरपाड़ा के समीप शनिवार की सुबह एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान काहरपाड़ा निवासी जहरुल शेख के 19 वर्षीय पुत्र शाहबाज शेख के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
फूल तोड़ने पहुंची महिला की नजर पड़ी
जानकारी के अनुसार शाहबाज पिछले तीन-चार वर्षों से बड़े वाहनों की देखभाल का काम करता था। काम के सिलसिले में वह रात के समय घटनास्थल के समीप ही सोता था। शुक्रवार की रात भी वह रोजाना की तरह वहीं मौजूद था।

शनिवार सुबह करीब सात बजे एक महिला फूल तोड़ने के लिए घटनास्थल के समीप पहुंची। इसी दौरान उसकी नजर फंदे से लटके शाहबाज के शव पर पड़ी। शव देखते ही महिला ने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही बरहरवा थाना के एसआई सुदामा सिंह और एसएसआई अभिनाश सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। युवक की मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दो भाई और दो बहनों में सबसे छोटा था शाहबाज
पड़ोसियों के अनुसार शाहबाज दो भाई और दो बहनों में सबसे छोटा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद पूरे काहरपाड़ा गांव में शोक का माहौल है।
बरहरवा थाना के एसआई सुदामा सिंह ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
![]()





