सदर अस्पताल में डीसी का औचक निरीक्षण,ड्यूटी से अनुपस्थित मिले डीएस
ड्यूटी से अनुपस्थित मिले डीएस

बरहरवा संवाददाता। साहिबगंज। सदर अस्पताल में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब साहिबगंज के उपायुक्त दीपक कुमार दुबे अचानक निरीक्षण के लिए पहुंच गए। औचक निरीक्षण के दौरान अस्पताल के डीएस डॉ. देवेश कुमार ड्यूटी आवर में अनुपस्थित मिले। डीएस की गैरहाजिरी को उपायुक्त ने गंभीरता से लिया।
बताया जा रहा है कि उपायुक्त को पहले से ही डीएस के नियमित रूप से ड्यूटी से अनुपस्थित रहने की शिकायतें मिल रही थीं। सप्ताह में मंगलवार को निर्धारित ओपीडी में भी उनकी उपस्थिति को लेकर सवाल उठते रहे हैं। इसी बीच शनिवार को डीसी के सदर अस्पताल पहुंचने की सूचना मिलने के बाद डीएस अस्पताल पहुंचे और निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे।
औचक निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने सदर अस्पताल के विभिन्न वार्डों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उपायुक्त ने मरीजों से पूछा कि चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी कितनी नियमितता से वार्ड में जांच के लिए पहुंचते हैं।
उन्होंने मरीजों से समय पर दवा एवं उपचार मिलने तथा चिकित्सकों द्वारा नियमित रूप से वार्ड में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच किए जाने के संबंध में भी जानकारी ली। इस दौरान अस्पताल की साफ-सफाई और मरीजों के बेड की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया।
उपायुक्त के अचानक निरीक्षण से अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्यकर्मियों में पूरे दिन हलचल बनी रही। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
![]()





