सावन की अंतिम सोमवारी पर शिवगादी धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब
उमड़ा आस्था का सैलाब

कोटालपोखर संवाददाता/बरहेट। सावन की अंतिम सोमवारी पर साहिबगंज जिले के बरहेट स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा गाजेश्वरनाथ धाम, शिवगादी में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरा मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से गूंज उठा। राजमहल और फरक्का गंगा नदी से पवित्र जल लेकर पहुंचे कांवरियों के साथ बड़ी संख्या में आम श्रद्धालुओं ने बाबा गाजेश्वरनाथ के प्राकृतिक शिवलिंग पर जलार्पण कर सुख-समृद्धि की कामना की।
सोमवार अहले सुबह करीब तीन बजे से ही श्रद्धालुओं के जलार्पण और पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया। अंतिम सोमवारी को लेकर शिवगादी धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। दूर-दराज से पहुंचे कांवरियों में बाबा के दर्शन और जलार्पण को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए शिवभक्त
शिवगादी मेला परिसर में जगह-जगह बज रहे बोल बम के भजनों और पारंपरिक कांवर गीतों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। भक्ति गीतों की धुन पर कांवरिया और अन्य श्रद्धालु झूमते नजर आए। राजमहल और फरक्का गंगा से पैदल लंबी दूरी तय कर पहुंचे कांवरियों ने थकान के बावजूद बाबा के जयकारों के बीच उत्साह का प्रदर्शन किया। इससे पूरा शिवगादी धाम भक्तिमय उत्सव में तब्दील नजर आया।
कतारबद्ध होकर पहुंचे श्रद्धालु, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पहाड़ी गुफा में स्थित बाबा के प्राकृतिक शिवलिंग तक पहुंचने के लिए पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग की गई है। श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से मंदिर तक पहुंचाया जा रहा है।
पेयजल और चिकित्सा की भी व्यवस्था
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेला परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तथा दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। शिवगादी प्रबंध समिति और जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और बिजली आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। अंतिम सोमवारी को लेकर प्रशासन और मंदिर प्रबंधन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
![]()





