Gumla News:तालाब में डूबने से युवक की मौत,शव निकालने में जुटी पुलिस व ग्रामीण


घाघरा थाना क्षेत्र के शिवराजपुर ग्राम निवासी लगभग 26 वर्षीय ईश्वर उरांव की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही घाघरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से निकालने का प्रयास शुरू कर दिया। समाचार लिखे जाने तक शव को तालाब से नहीं निकाला जा सका था।
ग्रामीणों के अनुसार ईश्वर उरांव नशे की हालत में तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान वह धीरे-धीरे तालाब के बीच हिस्से तक पहुंच गया और गहरे पानी में डूब गया। बताया जा रहा है कि घटना के समय उसके पिता मुंशी उरांव भैंस चराकर घर लौट रहे थे। तभी अचानक तेज आंधी, तूफान और बारिश शुरू हो गई।
पिता ने अपने बेटे को तालाब में डूबते देखा, लेकिन तालाब में अधिक पानी होने और आसपास कोई मददगार मौजूद नहीं रहने के कारण वह उसे बचा नहीं सके। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
इधर, ग्रामीण पारंपरिक तरीकों और जुगाड़ के सहारे शव को तालाब से निकालने में जुटे हुए हैं। मामले की जानकारी मिलने पर घाघरा थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने बताया कि शव को निकालने का प्रयास लगातार जारी है। साथ ही एनडीआरएफ की टीम को भी सूचना दे दी गई है।
![]()




