शिवपुर -कठौतिया रेलवे लाइन में ओवरब्रिज का सरिया धंसने से एक दर्जन से अधिक मजदूर घायल, दो की हालत गम्भीर


- मिलेनियम कंपनी द्वारा लापरवाही का खमियाजा, मजदूरों को पड़ा भुगतना
मजदूरों के लिए कोई सेफ्टी किट नहीं ,फिर भी कार्य जारी
चतरा : – टंडवा प्रखंड क्षेत्र में निर्माणाधीन शिवपुर -कठौतिया रेलवे लाइन के निर्माण कार्य मे ब्रिज निर्माण करा रही मिलेनियम नामक कंपनी के साईट पर लापरवाही का खमियाजा मजदूरों को भुगतना पड़ा।हुई दुर्घटना में कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह घटना तब हुई जब लगभग दो दर्जन मजदूर रक्शी गांव के मातु आहर के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज संख्या 99 के तीन नंबर पैकेज में काम करने के लिए चढ़े हुए थे।इसी दौरान ब्रिज का सरिया अचानक भरभरा कर धराशाई हो गया। इस घटना में ब्रिज में कार्य कर रहे एक दर्जन से अधिक मजदूर घायल हो गये। वहीं कई मजदूर की स्थिति गम्भीर है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सिमरिया रेफरल अस्पताल में भर्ती करवाया गया,जहां से दो मजदूरों की स्थिति गम्भीर देखते हुए हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं अन्य घायलों का स्थानीय स्तर पर इलाज किया जा रहा है। घटना में गंभीर रूप से घायल मजदूरों की पहचान राय निवासी किटकु महतो ,35 वर्षीय प्रदीप कुमार व पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र के तिलरा गांव निवासी गांठों महतो के पुत्र चेतलाल महतो के रूप में की गई है। घटना के बाद कंपनी के इंजीनियरिंग पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। जानकारों का कहना है कि कंपनी के ब्रिज में कार्य कर रहे मजदूरो की सुरक्षा से संबंधित कोई भी मापदंड अपनाये नहीं जा रहें हैं। मिलेनियम कंपनी रक्शी से गिद्धौर के दुवारी तक 29 किलोमीटर रेल लाइन का निर्माण कार्य में जुटी हुई है। बताया गया कि पत्थलगड्डा की ओर से लगभग 10 किलोमीटर तक का निर्माण कार्य पूरा हो भी चुका है। घटना के बाद कंपनी के कर्मी मौके से फरार बताए जा रहे हैं।
![]()




