बेंगलुरु से घर लौटने के दौरान लापता हुए गौतम यादव,14 दिनों से परिजन परेशान
6 नवंबर से नहीं हो पा रहा संपर्क, बोरियो थाना में आवेदन देकर परिजनों ने पुलिस से लगाई खोजबीन की गुहार

रिपोर्ट: राहुल साह,
बोरियो। बेंगलुरु से घर लौटने के दौरान बोरियो संथाली निवासी 41 वर्षीय गौतम यादव रहस्यमय तरीके से लापता हो गए हैं। 6 नवंबर 2026 से उनसे परिजनों का संपर्क नहीं हो पा रहा है। काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार के लोग परेशान हैं। आखिर गौतम यादव रास्ते में कहां और किन परिस्थितियों में लापता हो गए, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजनों ने बोरियो थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से उनकी तलाश तेज करने की मांग की है।
वापसी के सफर में अचानक टूटा संपर्क
परिजनों की ओर से पुलिस को दिये गये आवेदन के अनुसार, गौतम यादव (41), पिता बिरन यादव, निवासी बोरियो संथाली, 3 नवंबर 2026 को बोरियो से बेंगलुरु गये थे। इसके बाद 6 नवंबर को बेंगलुरु से घर लौटने के दौरान अचानक उनका परिजनों से संपर्क टूट गया। शुरुआत में परिवार को लगा कि किसी कारणवश बातचीत नहीं हो पा रही होगी, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी संपर्क नहीं होने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन की गई, लेकिन गौतम का कोई पता नहीं चला।

इसके बाद सूरज कुमार यादव, पिता किशोरी यादव ने बोरियो थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से लापता गौतम यादव की तलाश कराने की मांग की है।
पीली टी-शर्ट और काली फूल पैंट है पहचान
परिजनों ने लापता गौतम यादव की पहचान के लिए उनका हुलिया भी जारी किया है। उनकी उम्र करीब 41 वर्ष, कद लगभग पांच फीट दो इंच, रंग सांवला, शरीर सामान्य, चेहरा लंबा और बाल काले हैं। वे हिंदी और खोरठा भाषा बोलते हैं। लापता होने के समय उन्होंने पीले रंग की टी-शर्ट और काले रंग की फूल पैंट पहन रखी थी।
परिजनों की आम लोगों से मार्मिक अपील
गौतम यादव की गुमशुदगी से परिवार के लोग बेहद परेशान हैं। परिजनों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी ने उन्हें कहीं देखा हो या उनके बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल बोरियो थाना अथवा साहिबगंज पुलिस को सूचित करें। परिवार को अब भी उम्मीद है कि गौतम सकुशल वापस लौटेंगे। एक छोटी-सी सूचना भी उनकी तलाश में अहम साबित हो सकती है।
![]()





