डीवीसी तूबेद कोल माइंस में द्वितीय त्रिपक्षीय बैठक सम्पन्न, सुरक्षा और श्रमिक हितों पर जोर


रांची, 06 अप्रैल।
डीवीसी तूबेद कोल माइंस, लातेहार द्वारा सोमवार को रांची में द्वितीय त्रिपक्षीय बैठक सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक में डीजीएमएस (दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र), डीवीसी प्रबंधन, विभिन्न निदेशकगण और श्रमिक यूनियन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई। डीजीएमएस के डीडीजी श्याम सुंदर प्रसाद का स्वागत डीवीसी के सदस्य (तकनीकी) एवं नामित स्वामी स्वपेंदु कुमार पांडा ने किया। इसके बाद ईडी (माइनिंग) अमितांजन नंदी ने उपस्थित निदेशकों का स्वागत किया।
बैठक में डीजीएमएस के वरिष्ठ अधिकारी राकेश रमेश्वर मिश्रा (डीएमएस, चाईबासा), संकरसना बेहरा (डीएमएस, मैकेनिकल), के.एम. रेड्डी (डीएमएस, इलेक्ट्रिकल) और सुधीर आर (डीडीएमएस, माइनिंग) उपस्थित रहे, जिनकी उपस्थिति से बैठक का महत्व और बढ़ गया।
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और डीजीएमएस एंथम के साथ किया गया। इसके बाद तूबेद कोल माइंस के एजेंट एवं वरिष्ठ महाप्रबंधक अरविंद कुमार ठाकुर ने स्वागत भाषण दिया। खनन क्षेत्र में प्राण गंवाने वाले श्रमिकों को श्रद्धांजलि देते हुए एक मिनट का मौन रखा गया।
बैठक में प्रथम त्रिपक्षीय बैठक की कार्यवाही रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। साथ ही, इस द्वितीय बैठक के उद्देश्यों, प्रगति और सुरक्षा उपायों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण (PPT) दिया गया। श्रमिक यूनियन के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव रखे और विभिन्न मुद्दों पर रचनात्मक चर्चा हुई।
बैठक का मुख्य फोकस खनन कार्यों में सुरक्षा को सुदृढ़ करना, श्रमिक कल्याण को बेहतर बनाना, पारदर्शिता बढ़ाना और आपसी समन्वय मजबूत करना रहा। सभी पक्षों ने संयुक्त प्रयास और संवाद के माध्यम से संगठन की प्रगति में योगदान देने का संकल्प जताया।
कार्यक्रम का समापन खान प्रबंधक मिथिलेश कुमार के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
![]()




