सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा साहिबगंज की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
प्रदेश महामंत्री मनोज कुमार सिंह रहे मुख्य अतिथि,संगठन मजबूती और जनसेवा पर दिया जोर

साहिबगंज। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) साहिबगंज जिला इकाई द्वारा सेवा संकल्प अभियान को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन उत्सव हॉल, साहिबगंज में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष गौतम यादव ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा झारखंड प्रदेश के प्रदेश महामंत्री मनोज कुमार सिंह उपस्थित रहे।
कार्यशाला में पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा, प्रदेश मंत्री कृष्णा महतो, जिला प्रभारी अमृत पांडेय, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गणेश प्रसाद तिवारी, कृपानाथ मंडल एवं धर्मेंद्र कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान प्रदेश पदाधिकारियों और जिला प्रभारी ने संगठन की आगामी कार्ययोजना एवं सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक अनंत ओझा की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा को 14 प्रकार की पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से दर्शाया गया। इसमें उनके सामाजिक कार्यों, जनसेवा एवं संगठनात्मक योगदान को विस्तार से प्रस्तुत किया गया।
अपने संबोधन में अनंत ओझा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं और समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का प्रयास करें।

वहीं प्रदेश महामंत्री मनोज कुमार सिंह ने कार्यकर्ताओं को संगठन को और मजबूत बनाने तथा अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सेवा ही संगठन की पहचान है और इसी भावना के साथ कार्य करना आवश्यक है।
कार्यशाला में जिले के सभी 17 मंडलों के अध्यक्ष, प्रभारी एवं अभियान से जुड़े संयोजकगण उपस्थित रहे। इस दौरान अभियान की रूपरेखा, जिम्मेदारियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर दिशा-निर्देश भी दिए गए।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री धनंजय कुमार मंडल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री सालखू सोरेन ने किया। कार्यशाला में कार्यकर्ताओं में सेवा संकल्प अभियान को लेकर उत्साह और प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
![]()




