धनबाद | 14 मई 2026:
धनबाद मंडल में टिकट जांच को लेकर सख्ती बढ़ाते हुए गुरुवार को मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान सुनियोजित तरीके से दिन-रात संचालित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बिना टिकट और नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों को पकड़ा गया।
जांच अभियान के दौरान कुल 1140 यात्रियों को पकड़ा गया। इनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले, बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले तथा बिना बुक किए गए सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्री शामिल थे। इन यात्रियों से ₹7,40,000 की राशि जुर्माने के रूप में वसूली गई।
रेलवे की चेकिंग टीमों ने विभिन्न स्टेशनों के साथ-साथ मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों में भी सघन जांच की। अभियान के दौरान अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई।
धनबाद मंडल, पूर्व मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित टिकट लेकर ही प्लेटफॉर्म में प्रवेश करें और जिस श्रेणी का टिकट हो, उसी श्रेणी में यात्रा करें।