गोमिया (बोकारो): गोमिया प्रखंड अंतर्गत बड़कीपुन्नू करमाली टोला में गुरुवार अहले सुबह जंगली हाथी के हमले से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनकी गौतनी शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
मृतकों की पहचान गंगा करमाली, उनकी पत्नी कमली देवी और गौतनी भागिया देवी के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह-सुबह एक जंगली हाथी गांव में घुस आया और लोगों पर हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ग्रामीणों ने हाथियों की बढ़ती आवाजाही पर रोक लगाने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
प्रशासन ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।