Reported by Anuj Tiwari,
सतबरवा। सतबरवा प्रखंड क्षेत्र के मेला टांड़ में अतिक्रमण की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। अतिक्रमण के कारण सड़कें दिन-ब-दिन संकरी होती जा रही हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पैदल चलने वालों के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
गौरतलब है कि कुछ महीने पूर्व प्रखंड विकास पदाधिकारी के निर्देश पर सतबरवा प्रशासन द्वारा मेला टांड़ क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाते हुए बुलडोजर से अतिक्रमण हटाया गया था। बावजूद इसके, एक बार फिर सड़कों पर अतिक्रमण हावी हो गया है और स्थिति पहले जैसी ही बनती जा रही है, जो सतबरवा प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन चुकी है।
प्रशासन के कथित लापरवाह रवैये के कारण अतिक्रमण की समस्या विकराल रूप धारण करती जा रही है। मेदिनीनगर से राजधानी रांची को जोड़ने वाली प्रमुख सड़कें अतिक्रमण के कारण सिकुड़ती जा रही हैं। इसके चलते नागरिकों को आए दिन जाम की समस्या से जूझना पड़ता है।
सबसे गंभीर स्थिति विद्यालयों की छुट्टी के समय देखने को मिलती है, जब स्कूली बच्चों के वाहन जाम में फंस जाते हैं। कई बार भारी वाहनों को भी घंटों जाम में फंसा देखा जाता है।
अब देखना यह है कि इस ज्वलंत समस्या से निजात दिलाने के लिए सतबरवा प्रशासन आगे क्या ठोस कदम उठाता है। इस पर पूरे क्षेत्रवासियों की निगाहें टिकी हुई हैं।