गिरिडीह:- मोहालीचूहा (ऑफिसर्स कॉलोनी) में 52 करोड़ की लागत से 100 बेड का क्रिटिकल केयर हेल्थ हॉस्पिटल का निर्माण किया जाएगा. शनिवार को सिविल सर्जन कार्यालय में एसीएमओ डॉ. पी. मिश्रा, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. एपीएन देव ने संयुक्त रूप से आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि क्रिटिकल केयर हेल्थ हॉस्पिटल का ऑनलाइन शिलान्यास रविवार को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे.क्रिटिकल केयर का निर्माण 3. 4 एकड़ में की जाएगी. डॉ. मिश्रा ने बताया कि राजकोट से प्रधानमंत्री झारखंड के 7 जिलों में कुल 9 चिकित्सा संस्थान का ऑनलाइन शिलान्यास करेंगे. गिरिडीह में क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल के अलावा गढ़वा, रांची, पाकुड़, देवघर, दुमका तथा कोडरमा जिला शामिल है. इन जिलों में क्रिटिकल केयर के अलावा दो स्थानों पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जाएगा. उन्होंने बताया कि 4.45 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में सीधा प्रसारण किया जाएगा.