साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर चार घंटे का मेगा ब्लॉक, दो एक्सप्रेस ट्रेनों के समय में बदलाव
21 नवंबर की रात 12:10 से सुबह 4:10 बजे तक प्रभावित रहेगा रेल परिचालन, यात्रियों को संशोधित समय देखकर यात्रा करने की सलाह

साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर चार घंटे का मेगा ब्लॉक, दो एक्सप्रेस ट्रेनों के समय में बदलाव
21 नवंबर की रात 12:10 से सुबह 4:10 बजे तक प्रभावित रहेगा रेल परिचालन, यात्रियों को संशोधित समय देखकर यात्रा करने की सलाह
रिपोर्ट: सोनू कुमार,
साहिबगंज। साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों के तहत फुट ओवरब्रिज (एफओबी) निर्माण को लेकर 21 नवंबर की रात चार घंटे का मेगा ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा। रेलवे प्रशासन के इस निर्णय से स्टेशन पर रेल परिचालन प्रभावित रहेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, रात 12:10 बजे से सुबह 4:10 बजे तक ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ेगा।
मेगा ब्लॉक को देखते हुए रेलवे ने हावड़ा से खुलने वाली दो महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव किया है। रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 20 नवंबर को हावड़ा से खुलने वाली ट्रेन संख्या 13023 हावड़ा-गया एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से दो घंटे रीशेड्यूल होकर रवाना होगी। वहीं, ट्रेन संख्या 13071 हावड़ा-जमालपुर एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय से एक घंटे की देरी से खुलेगी।

यात्रियों को करना पड़ सकता है इंतजार
रेलवे के इस फैसले का सीधा असर उन यात्रियों पर पड़ सकता है, जिन्होंने पहले से अपनी यात्रा की योजना बना रखी है। विशेषकर रात और अहले सुबह सफर करने वाले यात्रियों को ट्रेनों के संशोधित समय की जानकारी रखना जरूरी होगा। पुराने समय के अनुसार स्टेशन पहुंचने पर यात्रियों को अतिरिक्त इंतजार करना पड़ सकता है।
फुट ओवरब्रिज निर्माण से बढ़ेंगी यात्री सुविधाएं
साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके निर्माण से यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक आने-जाने में सहूलियत मिलेगी। साथ ही स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही अधिक सुगम होगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेनों का संशोधित समय जरूर जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
![]()




