मंडरो और मिर्जाचौकी में तेज रफ्तार बाइक चालकों पर प्रशासन की नजर,मॉडिफाइड साइलेंसर से भी लोग परेशान
बाजारों में तेज रफ्तार से हादसे का खतरा, स्थानीय लोगों ने नियमित वाहन जांच और सख्त कार्रवाई की उठाई मांग

मडरो:-मंडरो और मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक चलाकर सड़क पर दहशत फैलाने और मॉडिफाइड साइलेंसर से कानफोड़ू आवाज निकालने वालों की अब मनमानी नहीं चलेगी। बाजारों और प्रमुख सड़कों पर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले बाइक चालकों पर प्रशासन की पैनी नजर है। दूसरों की सुरक्षा को ताक पर रखकर बाइक दौड़ाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की संभावना से ऐसे चालकों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

बाजार में बाइक की रफ्तार बनी खतरा,राहगीरों में हादसे का डर
मंडरो और मिर्जाचौकी के बाजारों में कुछ बाइक चालक तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाकर लोगों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी गति पर नियंत्रण नहीं रखा जाता। ऐसे में सड़क पार करने वाले राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बाइक चालकों की थोड़ी सी लापरवाही किसी बड़े हादसे में तब्दील हो सकती है।
मॉडिफाइड साइलेंसर का शोर,आम लोगों का जीना मुहाल
तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल भी क्षेत्र में परेशानी का कारण बन रहा है। कुछ बाइक चालक जानबूझकर तेज आवाज निकालते हुए बाजारों से गुजरते हैं। अचानक गूंजने वाली कानफोड़ू आवाज से बुजुर्गों, बच्चों, राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी होती है। बाइक का शौक अब दूसरों के लिए सिरदर्द बनता जा रहा है।
दुर्घटनाओं की आशंका के बीच प्रशासन की निगरानी जरूरी
क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। तेज रफ्तार, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। ऐसे में बाजारों, चौक-चौराहों और प्रमुख सड़कों पर नियमित वाहन जांच अभियान चलाने की जरूरत महसूस की जा रही है।
नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों की मांग है कि तेज रफ्तार से बाइक चलाने और मानकों के विपरीत मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही बाजार क्षेत्रों में पुलिस की नियमित निगरानी सुनिश्चित हो, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
सड़क आपकी भी है, दूसरों की जिंदगी भी अनमोल
बाइक की रफ्तार दिखाना या तेज आवाज से लोगों का ध्यान खींचना कोई बहादुरी नहीं है। सड़क पर चलने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा समान रूप से महत्वपूर्ण है। बाइक चालकों को अपनी मनमानी छोड़कर यातायात नियमों का पालन करना होगा, क्योंकि सड़क पर की गई एक छोटी सी लापरवाही किसी दूसरे परिवार की खुशियां छीन सकती है।
![]()




