Sahibganj 108 Ambulance Strike: तीन महीने से वेतन नहीं मिलने पर कर्मचारियों की हड़ताल
फरवरी 2025 से वेतन कटौती की जांच और बकाया राशि लौटाने की मांग, साहिबगंज में सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष होगा धरना-प्रदर्शन

सोनू कुमार की रिपोर्ट,
साहिबगंज। महीनों से वेतन का इंतजार कर रहे 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों का सब्र अब जवाब दे गया है। लंबित वेतन भुगतान, कथित मनमानी वेतन कटौती और सेवा संचालन में अनियमितताओं के खिलाफ कर्मचारियों ने अब निर्णायक लड़ाई का बिगुल फूंक दिया है। झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ ने 18 नवंबर की रात 8 बजे से राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। कर्मचारियों ने दो टूक कहा है कि इस बार खोखले आश्वासन से आंदोलन नहीं थमेगा, मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
संघ के जिला अध्यक्ष रोहित रंजन ने बताया कि अगस्त से अक्टूबर 2026 तक का वेतन अब तक कर्मचारियों को नहीं मिला है। तीन महीने से वेतन भुगतान नहीं होने के कारण कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इतना ही नहीं, फरवरी 2025 से अब तक कथित तौर पर मनमाने ढंग से की गई वेतन कटौती की जांच और काटी गई राशि की वापसी की मांग भी की गई है। संघ ने वेतन भुगतान से जुड़े संदिग्ध दस्तावेजों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग उठाई है।
खराब एम्बुलेंस के नाम पर गड़बड़ी,कर्मचारियों की जेब पर बोझ
108 एम्बुलेंस सेवा की कार्यप्रणाली पर भी संघ ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि खराब एम्बुलेंस के नाम पर सरकारी राशि का भुगतान किया जा रहा है, वहीं कर्मचारियों पर फर्जी केस आईडी बनाने और अपनी जेब से वाहन की मरम्मत कराने का दबाव बनाया जाता है। कर्मचारियों का कहना है कि इन समस्याओं को बार-बार उठाने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

छठ तक समाधान का वादा,लेकिन नहीं मिला बकाया वेतन
संघ के जिला अध्यक्ष ने बताया कि इससे पहले भी कई बार आंदोलन किया गया। हर बार अधिकारियों के आश्वासन पर आंदोलन स्थगित करना पड़ा। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के साथ हुई वार्ता में छठ पूजा तक मांगों के समाधान का भरोसा दिया गया था। इसी आश्वासन पर कर्मचारियों ने आंदोलन वापस लिया, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी वेतन भुगतान नहीं हुआ। अन्य समस्याएं भी जस की तस बनी हुई हैं। इससे कर्मचारियों में आक्रोश गहराता जा रहा है।
अब आर-पार की लड़ाई,आश्वासन पर नहीं होगा समझौता
संघ ने स्पष्ट कर दिया है कि इस बार कर्मचारी केवल आश्वासन के भरोसे पीछे हटने वाले नहीं हैं। जब तक लंबित वेतन का भुगतान, कथित वेतन कटौती की जांच और अन्य मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।
साहिबगंज में सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन
राज्यव्यापी आंदोलन के तहत साहिबगंज में गुरुवार को सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संघ ने जिले के सभी 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों से एकजुट होकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। वहीं, हड़ताल के कारण आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के सामने मरीजों और जरूरतमंदों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की चुनौती होगी।
![]()




