साहिबगंज मां बम काली पूजा 2026: गुल्ली भट्टा मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
झामुमो केंद्रीय प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने किया पूजा महोत्सव का उद्घाटन, सुबह चार बजे से मंदिर में लगी श्रद्धालुओं की लंबी कतार

सोनू कुमार की रिपोर्ट,
साहिबगंज।- शहर के गुल्ली भट्टा स्थित प्रसिद्ध मां बम काली मंदिर में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। रविवार को पारंपरिक विधि-विधान के साथ मां बम काली की विशेष पूजा और भव्य मेले का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने मां काली की प्रतिमा का पट खोलकर और नारियल फोड़कर पूजा महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित कर मां को भोग अर्पित किया और महाआरती में शामिल हुए। उन्होंने साहिबगंज सहित पूरे जिले और राज्य की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

दशकों पुरानी परंपरा, विसर्जन में दिखता है अनुशासन
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए पंकज मिश्रा ने कहा कि गुल्ली भट्टा में मां बम काली की पूजा कई दशकों से परंपरागत रूप से होती आ रही है। यहां लगने वाले मेले में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। उन्होंने पूजा समिति की सराहना करते हुए कहा कि भारी भीड़ के बावजूद प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम अनुशासन और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना सराहनीय है।
चुनरी ओढ़ाकर अतिथियों का किया गया अभिनंदन
मंदिर परिसर पहुंचने पर पूजा समिति के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि पंकज मिश्रा और नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान का भव्य स्वागत किया। समिति अध्यक्ष मोहित कुमार, सचिव अमित कुमार सहित अन्य सदस्यों ने अतिथियों को पारंपरिक चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया।
सुबह चार बजे से उमड़ीं महिलाएं, खोइंचा भरने को लगी रही लंबी कतार
सोमवार को मां बम काली मंदिर में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। मां की गोदी भरने और खोइंचा चढ़ाने के लिए सुबह चार बजे से ही महिला श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। देखते ही देखते मंदिर परिसर में लंबी कतार लग गयी। दोपहर तक महिलाओं की भीड़ लगातार बनी रही। व्यवस्था संभालने में पूजा समिति के सदस्य मुस्तैद रहे। श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कर बारी-बारी से पूजा-अर्चना करायी गयी। दोपहर तीन बजे पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां बम काली की विशेष पूजा, हवन और महाआरती संपन्न करायी।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
पूजा महोत्सव में नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान, चंदेश्वर प्रसाद सिन्हा, सुनील सिन्हा, चेतन भरतिया, नवीन भगत, मुकेश यादव, महेंद्र प्रसाद साह, संजीव, दयानंद, दिनेश, संजय, दयानंद सिन्हा, अमित कुमार सिन्हा, गौतम शाह, उत्तम तांती, हिमांशु कुमार, राजा तांती, दिनेश कुमार, संजू तांती, उदय कुमार सिंह और नगर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
![]()




