रामपुरहाट में जुए के अड्डे पर पुलिस की रेड, 27 गिरफ्तार, 13.41 लाख बरामद
रामपुरहाट में होटल के अंदर चल रहा था लाखों का जुआ, पुलिस ने 27 लोगों को किया गिरफ्तार:13.41 लाख रुपये नकद बरामद

निशांत कुमार सानू की रिपोर्ट,
नलहाटी। दीपावली और काली पूजा के उल्लास के बीच बीरभूम जिले के रामपुरहाट में अवैध जुए के बड़े अड्डे का पर्दाफाश हुआ है. शहर के सांघाटा पाड़ा इलाके में एक नामी शॉपिंग मॉल के पास स्थित होटल में शनिवार देर रात पुलिस ने अचानक धावा बोलकर 27 लोगों को गिरफ्तार किया. मौके से जुए में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के साथ 13 लाख 41 हजार रुपये नकद बरामद किये गये. गिरफ्तार आरोपियों में होटल का मालिक भी शामिल है. पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है.
होटल के कमरे में चल रहा था लाखों का जुआ, पुलिस की दबिश से मची भगदड़
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सांघाटा पाड़ा स्थित होटल के एक कमरे में पिछले कुछ समय से गुपचुप तरीके से बड़े पैमाने पर जुए का कारोबार चल रहा था. इसकी सूचना मिलते ही रामपुरहाट थाना पुलिस की विशेष टीम ने शनिवार देर रात योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की. पुलिस की अचानक कार्रवाई से होटल में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गयी. तलाशी के दौरान जुए में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और 13 लाख 41 हजार रुपये नकद जब्त किये गये. मौके से 27 लोगों को गिरफ्तार किया गया. होटल मालिक की गिरफ्तारी के बाद इस अवैध कारोबार के संचालन को लेकर कई सवाल खड़े हो गये हैं.

रामपुरहाट से नलहाटी तक फैला था आरोपियों का दायरा
प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार आरोपियों के रामपुरहाट के बनहाट, संधिपुर और बगटुई के अलावा पड़ोसी नलहाटी थाना क्षेत्र का निवासी होने की जानकारी सामने आयी है. त्योहार के मौके पर होटल में इतने बड़े पैमाने पर जुए का अड्डा संचालित होने का खुलासा पुलिस के लिए भी अहम माना जा रहा है. सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. रविवार को सभी को रामपुरहाट महकमा अदालत में पेश किया गया.
अवैध जुए के नेटवर्क की पड़ताल में जुटी पुलिस
छापेमारी के बाद पुलिस अब जुए के इस बड़े कारोबार की जड़ों तक पहुंचने में जुट गयी है. होटल में जुए का अड्डा कब से संचालित हो रहा था, इसका संचालन कौन कर रहा था और इस धंधे में किन-किन लोगों की संलिप्तता थी, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है. पुलिस इस आशंका की भी पड़ताल कर रही है कि कहीं इस अवैध कारोबार को किसी प्रभावशाली व्यक्ति का संरक्षण तो प्राप्त नहीं था. त्योहार से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई ने रामपुरहाट में अवैध जुए के कारोबार को लेकर सनसनी फैला दी है.
![]()



