डेढ़ सौ साल पुरानी परंपरा के बीच मयूरकोला में मां काली की पूजा,दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
रात आठ बजे शुरू हुआ विधि-विधान से अनुष्ठान, मुख्य पुजारी गणेश पांडे ने करायी पूजा-अर्चना; दर्शन को उमड़े श्रद्धालु

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,
कोटालपोखर (साहिबगंज) : डेढ़ सौ साल से भी अधिक पुरानी धार्मिक परंपरा, अटूट आस्था और मां काली के जयकारों से मयूरकोला गांव का माहौल भक्तिमय हो उठा। काली पूजा के अवसर पर मां के दर्शन और आराधना के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। रात आठ बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा शुरू हुई। देर रात तक मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की भीड़ और भक्तिमय जयकारों से गूंजता रहा।
मुख्य पुजारी गणेश पांडे ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां काली की पूजा-अर्चना करायी। श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और मंगलकामना की। पूजा के दौरान मंदिर परिसर में आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। ग्रामीणों की सहभागिता ने वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा और सामुदायिक एकजुटता की जीवंत तस्वीर पेश की।

डेढ़ सौ साल से भी पुराना मंदिर, स्थापना का इतिहास आज भी रहस्य
मयूरकोला का मां काली मंदिर डेढ़ सौ साल से भी अधिक पुराना बताया जाता है। यह मंदिर केवल पूजा-अर्चना का केंद्र नहीं, बल्कि ग्रामीणों की पीढ़ियों से जुड़ी अटूट आस्था का प्रतीक है। हालांकि, मंदिर की स्थापना कब हुई और किसने करायी, इसका स्पष्ट इतिहास आज भी रहस्य बना हुआ है। गांव के बुजुर्ग भी मंदिर की शुरुआत को लेकर ठोस जानकारी नहीं दे पाते हैं। इसके बावजूद मां काली के प्रति श्रद्धा और विश्वास की परंपरा अनवरत कायम है।
पीढ़ी-दर-पीढ़ी चली आ रही इस धार्मिक परंपरा ने मंदिर को क्षेत्र में विशिष्ट पहचान दिलायी है। प्रत्येक वर्ष काली पूजा के अवसर पर ग्रामीण पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मां की आराधना करते हैं। इस बार भी पूजा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने मंदिर के प्रति लोगों की अटूट आस्था को प्रदर्शित किया।
कमेटी सदस्यों की रही सक्रिय भागीदारी
पूजा के सफल आयोजन में कमेटी के सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। आयोजन को लेकर सदस्यों ने पूरी तत्परता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभायीं। मौके पर दीपक साहा, स्वाधीन साहा, सुदामा साहा, पंकज साहा, निरंजन साहा, मनमोहन रजक, सोनू तिवारी, जगदीश साहा, काशीनाथ साहा, दिनेश ठाकुर, हेम साहा और हीरालाल शाह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
साहिबगंज जिले के बरहरवा प्रखंड अंतर्गत मयूरकोला में आयोजित मां काली पूजा ने एक बार फिर क्षेत्र की प्राचीन धार्मिक विरासत, परंपरा और जनआस्था को जीवंत कर दिया।
![]()




