छठ महापर्व की तैयारी जोर-शोर से शुरू, घाटों की सफाई और पंडाल निर्माण कार्य तेज
Pakud News

छठ महापर्व की तैयारी जोर-शोर से शुरू, घाटों की सफाई और पंडाल निर्माण कार्य तेज
सोनू कुमार की रिपोर्ट,
कोटालपोखर। काली पूजा संपन्न होते ही साहिबगंज जिले के कोटालपोखर, मयूरकोला, बरहरवा सहित आसपास के क्षेत्रों में लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। छठ पर्व को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय पूजा समितियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों की साफ-सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। वहीं, घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंडाल निर्माण सहित अन्य तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं। कोटालपोखर के झरना मंडप स्थित छठ घाट और बरहरवा के छठ घाट पर भी सफाई अभियान चलाया जा रहा है।

इधर, छठ पर्व को देखते हुए बरहरवा बाजार में फल दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों को सजाना शुरू कर दिया है। बाजार में पूजा से संबंधित सामग्रियों की खरीदारी को लेकर भी चहल-पहल बढ़ने लगी है।
वहीं, क्षेत्र के चौक-चौराहों और बाजारों में छठ गीतों की मधुर धुन गूंजने लगी है। छठ गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। चारों ओर छठ महापर्व की रौनक दिखाई देने लगी है। श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ भगवान सूर्य की उपासना के इस महापर्व की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

![]()




