घाघरा सड़क हादसे में दो की मौत, 50 लाख मुआवजे की मांग पर मुख्य मार्ग जाम
Gumla news

प्रेम कुमार साहू की रिपोर्ट,
घाघरा (गुमला)। घाघरा प्रखंड मुख्यालय में शनिवार देर रात सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत के बाद रविवार को परिजनों और ग्रामीणों ने शव के साथ गुमला-रांची-नेतरहाट मुख्य मार्ग को घटनास्थल के समीप जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

मिली जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे एक ट्रैक्टर पर डस्ट लोड कर उसे खड़ा किया गया था। ट्रैक्टर का चक्का पंचर होने के कारण वह काफी समय से सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान रात में अंधेरे के कारण स्कूटी सवार लिबन्स किंडो और देवनारायण उरांव को खड़ा ट्रैक्टर दिखाई नहीं दिया। उनकी स्कूटी ट्रैक्टर के पीछे जोरदार तरीके से टकरा गई। हादसे में दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया था। पोस्टमार्टम के बाद शव लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे सहित अन्य मांगों को लेकर रविवार दोपहर करीब ढाई बजे मुख्य मार्ग जाम कर दिया।
50 लाख रुपये मुआवजे की मांग पर अड़े ग्रामीण
जाम कर रहे परिजनों और ग्रामीणों की मांग है कि मृतकों के आश्रित परिवारों को 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए। इसके अलावा मृतकों के बच्चों की बेहतर शिक्षा की व्यवस्था करने और उनकी पत्नियों को किसी सरकारी कार्यालय में रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की गई। ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे।

अधिकारियों ने समझाने का किया प्रयास
सड़क जाम की सूचना मिलते ही घाघरा थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह और प्रखंड श्रम नियोजन पदाधिकारी विकास कुमार जाम स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे।
सड़क जाम के कारण मुख्य मार्ग पर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे यात्रियों और राहगीरों को काफी परेशानी हुई। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम नहीं हटाया जा सका था।
![]()



