गंगा में नहाने उतरा 18 वर्षीय अरबाज गहरे पानी में समाया; तलाश में जुटे गोताखोर,घाट पर मचा कोहराम।
Pakud News

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,
फरक्का । मुर्शिदाबाद जिले के समशेरगंज थाना क्षेत्र के साहेबनगर गांव में रविवार दोपहर गंगा नदी में नहाने गया 18 वर्षीय छात्र अरबाज खान अचानक गहरे पानी में चला गया और लापता हो गया. साथियों की आंखों के सामने छात्र के पानी में समाने की घटना से घाट पर अफरा-तफरी मच गयी. सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गये. पूरे इलाके में छात्र की सलामती को लेकर चिंता का माहौल है.
साथियों के साथ नहाने गया था अरबाज
जानकारी के अनुसार, अरबाज खान रविवार दोपहर अपने साथियों के साथ गांव के समीप गंगा नदी में नहाने गया था. सभी नहा रहे थे, इसी दौरान अरबाज अचानक गहरे पानी की ओर चला गया. जब तक उसके साथी कुछ समझ पाते, वह पानी में लापता हो चुका था. साथियों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी.

सूचना मिलते ही घाट पर जुटी भीड़
छात्र के लापता होने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण गंगा घाट पर पहुंच गये. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. हर किसी की नजर नदी की ओर टिकी हुई है और लोग अरबाज के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं.
विधायक और पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक नूर आलम भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने छात्र के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली. इधर, समशेरगंज थाना पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं तलाश अभियान शुरू कराया. नाव और गोताखोरों की मदद से नदी में छात्र की खोजबीन शुरू की गयी.
गोताखोरों की मदद से लगातार तलाश
समशेरगंज थाना के आईसी कुणाल कांति दास ने बताया कि लापता छात्र की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस और गोताखोरों की टीम नदी के संभावित हिस्सों में खोजबीन कर रही है. खबर लिखे जाने तक अरबाज का कोई सुराग नहीं मिल पाया था.
![]()




