SIR-2026
पाकुड़ में SIR-2026 अभियान तेज,10 से कैंप और 12 से घर-घर सत्यापन शुरू

पाकुड़। SIR-2026 को लेकर पाकुड़ प्रशासन ने पुनरीक्षण अभियान को तेज करने की पूरी तैयारी कर ली है। 10 अक्टूबर से फार्म-6 के डिजिटाइजेशन के लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे, वहीं 12 अक्टूबर से बीएलओ घर-घर जाकर नोटिस प्राप्त मतदाताओं के दस्तावेजों की जांच करेंगे। प्रशासन ने एएसडी मतदाताओं के शत-प्रतिशत सत्यापन और हर योग्य मतदाता का फार्म भरवाने पर विशेष जोर दिया है।
तीनों विधानसभा क्षेत्रों में चलेगा अभियान
समाहरणालय सभागार में रविवार को पाकुड़, लिट्टीपाड़ा और महेशपुर विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ सुपरवाइजर के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने निर्देश दिया कि विशेष शिविरों में तय लक्ष्य के अनुसार फार्म-6 का डिजिटाइजेशन हर हाल में पूरा किया जाए। बीएलओ सुपरवाइजर को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रतिदिन फार्मों का संकलन और डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने को कहा गया।

12 अक्टूबर से घर-घर पहुंचेगा निर्वाचन अमला
अभियान का दूसरा चरण 12 अक्टूबर से शुरू होगा, जिसमें बीएलओ घर-घर जाकर नोटिस प्राप्त मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज लेकर उनका सत्यापन करेंगे। साथ ही सभी योग्य मतदाताओं का फार्म भरवाने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
फार्म भरने का देना होगा प्रमाण
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि हर योग्य मतदाता का फार्म भरवाने की पुष्टि के लिए प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि SIR प्रक्रिया में पारदर्शिता, गंभीरता और जवाबदेही से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए।
एक भी योग्य मतदाता का नाम नहीं छूटे
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पुनरीक्षण के दौरान किसी भी योग्य मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए। तय समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के लिए सभी निर्वाचन कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया। प्रशासन का फोकस अब विशेष कैंप से लेकर घर-घर सत्यापन तक पूरी प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर है।
![]()




