फरक्का के युवक की संदिग्ध मौत, मजदूरी के लिए निकला था कोलकाता—बर्द्धमान में मिला शव
मजदूरी की तलाश में निकला युवक मृत मिला, परिवार में मचा कोहराम

संवाददाता:निशांत कुमार सानू,
फरक्का:- थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर पंचायत अंतर्गत खोदाबंदपुर गांव निवासी 26 वर्षीय मसाद शेख की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से परिवार सहित पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मसाद 28 सितंबर को घर की आर्थिक तंगी दूर करने और मजदूरी की तलाश में निकला था, लेकिन वह वापस घर नहीं लौट सका।
परिजनों के अनुसार, मसाद ने कोलकाता के साइंस सिटी जाने की बात कहकर घर से प्रस्थान किया था। इसके बाद अचानक उसका संपर्क टूट गया। परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश में जुटे थे और उसके सुरक्षित लौटने की उम्मीद कर रहे थे। इसी बीच रविवार को बर्द्धमान-कलना क्षेत्र से उसका शव बरामद होने की सूचना मिली, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मृतक के पिता जहीरुद्दीन शेख ने बताया कि उनका बेटा परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए मजदूरी करने गया था। उन्होंने कहा कि बेटे की मौत की खबर से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।

इधर, मसाद की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर परिजनों के मन में कई सवाल उठ रहे हैं। परिजनों ने पुलिस-प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और गंभीर जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है। पुलिस की कार्रवाई और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
![]()




