पाकुड़ में डेरा डाले मालदा जिला परिषद के 26 सदस्य, अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव से पहले सियासी सरगर्मी तेज
Pakud News

रिपोर्ट: निशांत कुमार सोनू,
पाकुड़। पश्चिम बंगाल के मालदा जिला परिषद के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव से ठीक पहले पाकुड़ में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मालदा जिला परिषद के 26 नवनिर्वाचित सदस्य शहर के एक निजी होटल में लगातार तीसरे दिन भी ठहरे हुए हैं। सुरक्षा को देखते हुए होटल के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि पेट्रोलिंग टीम आसपास के इलाकों में लगातार निगरानी कर रही है।
नगर थाना प्रभारी जॉन मुर्मू ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया गया है और पेट्रोलिंग पार्टी को होटल के आसपास लगातार नजर बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। पुलिस किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है।

जानकारी के अनुसार, सभी 26 सदस्य अध्यक्ष पद के एक संभावित उम्मीदवार के साथ होटल में ठहरे हुए हैं। चुनाव से पहले बड़ी संख्या में सदस्यों का एक साथ पाकुड़ में रुकना मालदा की राजनीति में चल रही खींचतान की ओर इशारा कर रहा है, जिससे सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
इससे पहले, सदस्यों के पाकुड़ में ठहरने की सूचना मिलने पर मालदा पुलिस की टीम भी यहां पहुंची थी। बताया जा रहा है कि सदस्यों को अपने साथ ले जाने के प्रयास के दौरान होटल परिसर में हंगामे जैसी स्थिति बन गई थी। इसके बाद से स्थानीय पुलिस ने सुरक्षा और निगरानी और कड़ी कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक, जिला परिषद के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का चुनाव होने तक इन सदस्यों के पाकुड़ में ही ठहरने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इसे लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मालदा जिला परिषद के सत्ता समीकरण पर अब सबकी नजर टिकी हुई है। 26 सदस्यों का एक साथ रहना चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है, जिससे आगामी चुनाव के परिणामों पर इसका सीधा असर पड़ सकता है।
![]()




