मंडरो में अवैध लकड़ी पर वन विभाग का शिकंजा, फुलभंगा में सेमल-सखुआ के भारी मात्रा में बोटे जब्त
Pakud News

मंडरो। मंडरो वन क्षेत्र में वन संपदा की अवैध कटाई और लकड़ी के कारोबार के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. मिर्जाचौकी उप वन परिसर पदाधिकारी अंकित झा के नेतृत्व में टीम ने फुलभंगा क्षेत्र में छापेमारी कर भारी मात्रा में सेमल और सखुआ के बोटे जब्त किये. अचानक हुई कार्रवाई से अवैध लकड़ी के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया.

सूचना मिलते ही टीम ने की छापेमारी
वन विभाग को फुलभंगा क्षेत्र में अवैध रूप से लकड़ी जमा किये जाने की सूचना मिली थी. सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम तत्काल मौके पर पहुंची और छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में सेमल और सखुआ के बोटे बरामद किये गये. टीम ने मौके से मिली लकड़ियों को जब्त कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी.
जंगल से कटकर आयी लकड़ी? खंगाला जा रहा पूरा नेटवर्क
जब्त लकड़ियों को लेकर वन विभाग अब पूरे मामले की कड़ी जोड़ने में जुटा है. लकड़ी जंगल के किस हिस्से से काटी गयी, इसे फुलभंगा तक कौन लेकर आया और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं, इसकी पड़ताल की जा रही है. विभागीय जांच में दोषी सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
अवैध कटाई पर विभाग का सख्त संदेश
वन विभाग ने साफ कर दिया है कि जंगलों से पेड़ों की अवैध कटाई, लकड़ी का भंडारण और बिना अनुमति परिवहन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जायेगा. वन संपदा की सुरक्षा के लिए ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी. विभाग ने ग्रामीणों से भी अपील की है कि जंगल में अवैध कटाई या लकड़ी की तस्करी की सूचना तत्काल वन विभाग को दें.
![]()




