
पाकुड़ संवाददाता : पाकुड़ नगर थाना पुलिस ने लापता हुईं दो नाबालिग छात्राओं को सकुशल बरामद कर लिया है। बरामदगी के बाद दोनों छात्राओं को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत करते हुए उन्हें समिति को सौंप दिया गया। इस संबंध में जानकारी एसडीपीओ कुमार गौरव ने दी।

समय पर घर नहीं लौटने पर परिजनों ने दर्ज कराई थी सूचना
एसडीपीओ ने बताया कि दोनों छात्राएं निर्धारित समय पर घर नहीं लौटी थीं, जिसके बाद परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद परिजन अपनी ओर से भी तलाश में जुट गए थे।
पुलिस ने टीम गठित कर शुरू की त्वरित कार्रवाई
मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर थाना पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया और एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर थाना क्षेत्र से ही दोनों छात्राओं को सुरक्षित बरामद कर लिया।
CWC को सौंपा गया, परिजनों ने ली राहत की सांस
बरामदगी के बाद दोनों छात्राओं को आवश्यक प्रक्रिया के तहत बाल कल्याण समिति (CWC) के हवाले कर दिया गया। पुलिस की तत्परता से परिजनों ने राहत की सांस ली।
अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील
एसडीपीओ कुमार गौरव ने अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा को लेकर अधिक सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि कोई बच्चा या बच्ची समय पर घर नहीं लौटती है, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें और आसपास के लोगों से जानकारी लेकर सक्रिय रहें।
![]()




