बरहरवा:30 से अधिक गांवों ने सांसद से की सर्विस रोड की मांग,बाईपास परियोजना को लेकर जताई चिंता
Pakud News

कोटालपोखर संवाददाता : साहिबगंज जिले के बरहरवा प्रखंड की बरारी पंचायत अंतर्गत राजस्व ग्राम अबरा टोला सहित 30 से अधिक गांवों के ग्रामीणों ने मंगलवार को राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय कुमार हांसदा से मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रस्तावित अंडरग्राउंड बाईपास परियोजना के साथ पर्याप्त एवं सुगम सर्विस रोड उपलब्ध कराने की मांग रखी।

30 से अधिक गांवों के आवागमन पर असर की आशंका
ग्रामीणों ने सांसद को बताया कि प्रस्तावित सड़क परियोजना से क्षेत्र के 30 से अधिक गांव प्रभावित होंगे। इन गांवों के हजारों लोग वर्तमान में इसी मार्ग से बरहरवा सहित अन्य प्रमुख स्थानों तक आवागमन करते हैं। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि पर्याप्त सर्विस रोड नहीं मिलने पर दैनिक आवागमन गंभीर रूप से प्रभावित हो सकता है।
स्कूल, अस्पताल और बाजार जाने में होगी परेशानी
ग्रामीणों ने कहा कि यदि सर्विस रोड की उचित व्यवस्था नहीं की गई, तो स्कूली बच्चों को विद्यालय आने-जाने में कठिनाई होगी। साथ ही मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, किसानों को खेत और बाजार तक जाने तथा आम लोगों को दैनिक कार्यों के लिए मुख्य मार्ग तक पहुंचने में समस्या उत्पन्न हो सकती है। आपातकालीन स्थिति में भी आवागमन बाधित होने की आशंका जताई गई।
पहले भी उठाई जा चुकी है मांग
ग्रामीणों के अनुसार, इस मुद्दे को एनएचएआई और पीडब्ल्यूडी के परियोजना निदेशकों के समक्ष भी पहले ही रखा जा चुका है। ग्रामीणों ने कहा कि चार लेन सड़क परियोजना के साथ-साथ स्थानीय लोगों के निर्बाध आवागमन के लिए स्थायी और व्यवहारिक व्यवस्था जरूरी है।
सांसद से हस्तक्षेप की अपील
ग्रामीणों ने सांसद विजय कुमार हांसदा से संबंधित विभाग और एनएचएआई के अधिकारियों के समक्ष इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने की अपील की। उन्होंने मांग की कि अंडरग्राउंड बाईपास के साथ सुगम सर्विस रोड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आसपास के गांवों का संपर्क बाधित न हो।
मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल गफूर, नुरुल इस्लाम समेत कई स्थानीय लोग मौजूद थे।
![]()




