नशे में धुत ट्रक चालक का तांडव, कार को 50 मीटर तक घसीटा; दो होमगार्ड जवान गंभीर
1. टाटा-चाईबासा हाईवे पर बेकाबू ट्रक का कहर, कार चालक बाल-बाल बचा

चाईबासा। टाटा-चाईबासा नेशनल हाईवे-220 पर आयता गांव के पास शुक्रवार को नशे में धुत एक ट्रक चालक ने जमकर उत्पात मचाया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी और उसे करीब 50 मीटर तक घसीटता चला गया। इस हादसे में सड़क किनारे ड्यूटी पर तैनात दो होमगार्ड जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, एक मोटरसाइकिल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
कार को टक्कर मारकर 50 मीटर तक घसीटा
जानकारी के अनुसार, कुजू की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक आयता गांव के पास अनियंत्रित हो गया। उसने चाईबासा से जमशेदपुर जा रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रक के अगले हिस्से में फंस गई। इसके बाद चालक कार को करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ आगे ले गया।
इस दौरान सड़क किनारे खड़े सरायकेला जिले के दो होमगार्ड जवान वीरेंद्र प्रधान और सुनील प्रधान भी ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें कमर, सिर और हाथ में गहरी चोटें आई हैं।

एयरबैग खुलने से कार चालक की बची जान
हादसे के दौरान कार का एयरबैग समय पर खुल गया, जिससे कार चालक दानिश कमर, निवासी बड़ी बाजार, चाईबासा की जान बच गई। वह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। दुर्घटना में कार और एक मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ा
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक चालक को मौके पर ही पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक कथित तौर पर नशे में इतना धुत था कि उसे ठीक से खड़े होने और बातचीत करने में भी परेशानी हो रही थी।
घायलों को सदर अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायल होमगार्ड जवानों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
![]()




