नाबालिग से यौन शोषण के आरोपों पर बीजेपी का प्रदर्शन, धुर्वा थाना का किया घेराव
नाबालिग से जुड़े मामले में बीजेपी का प्रदर्शन, धुर्वा पुलिस से मांगा जवाब

रांची। सिमडेगा की 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची द्वारा कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर लगाए गए यौन शोषण, मारपीट और जान से मारने की धमकी के आरोपों को लेकर झारखंड की राजनीति गरमा गई है। मामले को लेकर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रांची के धुर्वा थाना का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की।
आरोपी विधायक की गिरफ्तारी की मांग
थाना घेराव के दौरान बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि नाबालिग से जुड़ा मामला बेहद संवेदनशील है। ऐसे मामले में केवल आवेदन लेकर कार्रवाई को लंबित रखना उचित नहीं है। पुलिस को तत्काल निष्पक्ष जांच करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी विधायक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग भी उठाई।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
प्रदर्शन के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि पीड़िता को न्याय दिलाने और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस को बिना किसी दबाव के कार्रवाई करनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
![]()





