मालदा मंडल में राजभाषा पखवाड़ा-2026 का आयोजन,हिंदी दिवस पर विविध कार्यक्रम संपन्न
Pakud News

कोटालपोखर संवाददाता : पूर्व रेलवे के मालदा मंडल में 16 से 30 सितंबर तक राजभाषा पखवाड़ा-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित मंदार सभाकक्ष में हिंदी दिवस संदेश के विमोचन, ई-पत्रिका ‘बढ़ते कदम’ के हिंदी दिवस विशेषांक के लोकार्पण तथा हिंदी संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
दिनकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि से कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता ने प्रसिद्ध कवि एवं साहित्यकार रामधारी सिंह ‘दिनकर’ के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद विभिन्न विभागों के शाखा अधिकारियों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर वक्ताओं ने दिनकर के साहित्यिक योगदान और हिंदी भाषा के विकास में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला।

‘उर्वशी’ पर हुआ विश्लेषणात्मक व्याख्यान
कार्यक्रम में बहुउद्देशीय प्रशिक्षण केंद्र, मालदा के अनुदेशक पवन कुमार पोद्दार ने दिनकर की प्रसिद्ध कृति ‘उर्वशी’ पर विश्लेषणात्मक व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने इसकी साहित्यिक विशेषताओं और विभिन्न आयामों पर विस्तार से चर्चा की।
‘बढ़ते कदम’ ई-पत्रिका का हुआ लोकार्पण
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक द्वारा हिंदी दिवस संदेश का विमोचन किया गया। साथ ही राजभाषा विभाग की ई-पत्रिका ‘बढ़ते कदम’ के हिंदी दिवस विशेषांक का औपचारिक लोकार्पण एवं नेट एक्टिवेशन किया गया। इस विशेषांक में हिंदी भाषा, साहित्य और राजभाषा से जुड़ी विविध रचनाओं को शामिल किया गया है।
सोशल मीडिया और हिंदी पर हुई संगोष्ठी
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘सोशल मीडिया और हिंदी : जनसंवाद का नया माध्यम’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी रही। इसमें वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक प्रवीण कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह तथा वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) निलेश कुमार गौरव ने हिंदी के डिजिटल उपयोग पर अपने विचार रखे।
वक्ताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से जनसंवाद को प्रभावी बनाने में हिंदी की भूमिका और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर इसके बढ़ते प्रयोग पर चर्चा की। विभाग ने बताया कि 30 सितंबर तक पखवाड़े के दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
![]()




