दुर्गापूजा से पहले पाकुड़ में सफाई-रोशनी पर जोर,5 को नगर परिषद की विशेष बैठक
Pakud News

पाकुड़ संवाददाता ।: दुर्गापूजा में शहर की सफाई, रोशनी और बुनियादी सुविधाओं को लेकर नगर परिषद अब एक्शन मोड में है। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 5 अक्टूबर को अपराह्न तीन बजे नगर परिषद सभागार में बोर्ड की विशेष बैठक होगी। बैठक में पूजा पंडालों से लेकर प्रमुख सड़कों तक सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, कचरा उठाव और नालियों की व्यवस्था को दुरुस्त करने पर ठोस रणनीति बनायी जाएगी।
20 पूजा स्थलों पर विशेष सफाई की तैयारी
नगर क्षेत्र में करीब 20 स्थानों पर दुर्गापूजा का आयोजन होता है। इन स्थानों पर पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए पंडालों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने, नियमित कचरा उठाव और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त कूड़ेदान लगाने पर बैठक में निर्णय लिया जाएगा।

21 वार्डों में रोशनी व्यवस्था होगी दुरुस्त
नगर परिषद उपाध्यक्ष राणा ओझा की पहल और 12 पार्षदों के आग्रह पर बुलाई गयी बैठक में खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता देने की तैयारी है। रात में पूजा पंडालों और आवाजाही वाले रास्तों पर अंधेरा न रहे, इस पर भी विशेष जोर रहेगा।
सफाई से पेयजल तक, हर व्यवस्था की होगी समीक्षा
पूजा के दौरान कचरा उठाव में तेजी, नालियों की सफाई, पेयजलापूर्ति और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित करने पर भी मंथन होगा। नगर परिषद का लक्ष्य है कि पूजा शुरू होने से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं जमीन पर दुरुस्त कर ली जाएं।
उपाध्यक्ष राणा ओझा ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान सभी 21 वार्डों में बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। बैठक में पूजा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर कमियों को समय रहते दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
![]()




