तेज रफ्तार टोटो ने छीनी 55 वर्षीय सोनाराम की जिंदगी, अस्पताल ले जाने के दौरान मौत
jharkhand news

पतना:- बरहरवा-बरहेट मुख्य मार्ग पर छोटा रांगा के समीप शुक्रवार की देर रात तेज रफ्तार टोटो की टक्कर से 55 वर्षीय सोनाराम रजवाड़ की मौत हो गयी. हादसे के बाद टोटो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर है.
रांगा चौक से पैदल घर लौट रहे थे सोनाराम
जानकारी के अनुसार, छोटा रांगा निवासी सोनाराम रजवाड़ शुक्रवार रात रांगा चौक से पैदल अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे टोटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद सोनाराम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये. दुर्घटना के बाद चालक टोटो को मौके पर छोड़कर फरार हो गया.

रास्ते में ही टूट गयी जिंदगी की डोर
स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने घायल सोनाराम को तत्काल सीएचसी रांगा पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. परिजन उन्हें पश्चिम बंगाल के धुलियान स्थित निजी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही सोनाराम ने दम तोड़ दिया.
टोटो जब्त, चालक की तलाश तेज
घटना की सूचना मिलते ही रांगा थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टोटो को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है. शव के पोस्टमार्टम समेत अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में पुलिस जुटी हुई थी. इधर, सोनाराम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
![]()





