साड़म-होसिर में 14 से शुरू होगा 7 दिवसीय श्री गणेश महोत्सव,भव्य प्रतिमा व आकर्षणों से बढ़ा उत्साह
पूर्व मंत्री स्व. माधव लाल सिंह की स्मृति में विशेष झलक, श्याम आर्ट की कलाकृति बनेगी आकर्षण का केंद्र

गोमिया (संवाददाता):गोमिया प्रखण्ड के साड़म क्षेत्र स्थित संतोषी मंदिर के निकट श्री गणेश मंडप में आयोजित होने वाले 19वें श्री श्री गणेश महोत्सव को लेकर क्षेत्र में उत्साह चरम पर है। मंदिर प्रबंधन समिति साड़म-होसिर के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि हर वर्ष की तरह इस बार भी महोत्सव सात दिवसीय होगा, जो 14 सितंबर 2026 से 20 सितंबर 2026 तक निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार आयोजित किया जाएगा।
महोत्सव को आकर्षक और भव्य बनाने के लिए इस वर्ष पूजा पंडाल, मीना बाजार, डिज्नीलैंड झूले और आकर्षक लाईट सज्जा विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे। वहीं श्रद्धालुओं के लिए इस बार भगवान श्री गणेश की विशालकाय प्रतिमा तैयार की जा रही है, जो देखने में अत्यंत मनमोहक होगी।

इस भव्य प्रतिमा का निर्माण साड़म क्षेत्र के प्रसिद्ध कलाकार श्याम आर्ट द्वारा किया जा रहा है, जिसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। खास बात यह है कि इस वर्ष भगवान गणेश शेर के सिंहासन पर विराजमान रूप में नजर आएंगे, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा।
महोत्सव में इस बार एक भावनात्मक झलक भी देखने को मिलेगी। जिस स्थान पर पूर्व मंत्री स्व. माधव लाल सिंह महोत्सव के दौरान अतिथियों का स्वागत किया करते थे, उसी स्थान पर उनकी मिट्टी की प्रतिमा भी बनाई जा रही है। यह प्रतिमा लोगों के बीच उनकी यादों को जीवंत करेगी।
समिति के सदस्यों ने बताया कि यह 19वां आयोजन पूर्व मंत्री स्व. माधव लाल सिंह के बिना पहली बार हो रहा है, जिसकी कमी सभी को महसूस हो रही है। उनके सहयोगी एवं समिति के सदस्य इस महोत्सव को भव्य बनाने के लिए तन, मन और धन से जुटे हुए हैं।
अंत में समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं और लोगों से अपील की है कि वे इस धार्मिक आयोजन में सपरिवार शामिल होकर इसे सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
![]()




