हिरणपुर में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, हाइवा संदेह के घेरे में
Jharkhand News

हिरणपुर में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, हाइवा संदेह के घेरे में
रिपोर्ट: केशव तिवारी | पाकुड़ संवाददाता
हिरणपुर। पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर मोड़ के समीप शुक्रवार की अहले सुबह सड़क दुर्घटना में करीब 60 वर्षीय अज्ञात बुजुर्ग की मौत हो गई। बताया जाता है कि बुजुर्ग किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी जान चली गई। हादसे के बाद मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही हिरणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मृतक की पहचान कराने के साथ दुर्घटना में शामिल वाहन का पता लगाने में जुटी हुई है।

संदेह के घेरे में मालवाहक हाइवा
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान के लिए जांच तेज कर दी है। छानबीन के दौरान संदेह के आधार पर एक मालवाहक हाइवा को अभिरक्षा में रखा गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बुजुर्ग की मौत इसी हाइवा की चपेट में आने से हुई या दुर्घटना में किसी अन्य वाहन की भूमिका है।
मृतक की पहचान में जुटी पुलिस
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाने के साथ मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के कारणों और इसमें शामिल वाहन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
![]()




