शौच के लिए निकले 18 वर्षीय युवक का शव घर के पास मिला, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
Jharkhand News

तालझारी। थाना क्षेत्र के बड़ातल्बन्ना गांव में गुरुवार की रात 18 वर्षीय युवक विपोल मंडल का शव घर के पास मिलने से सनसनी फैल गई। युवक शौच के लिए घर से बाहर निकला था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। बाद में परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो घर के पास ही उसका शव पड़ा मिला। परिजनों ने युवक की गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलते ही तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक के गले पर दाग जैसा निशान मिला है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

रात करीब 8:30 बजे शौच के लिए निकला था
मृतक की मां संगीता देवी ने बताया कि विपोल रात करीब 8:30 बजे शौच के लिए घर से बाहर निकला था। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिवार के लोग चिंतित हो गए। इसी दौरान उसकी बहू ने दरवाजा पीटकर उन्हें जगाया और बताया कि विपोल काफी देर से घर नहीं लौटा है।
आधी रात को शुरू हुई तलाश, घर के पास मिला शव
परिजनों के अनुसार, रात करीब 12 बजे विपोल की तलाश शुरू की गई। परिवार के लोगों ने आसपास की गलियों, रास्तों और घर के आसपास काफी देर तक खोजबीन की। इसी दौरान घर के पास विपोल का शव पड़ा मिला। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
दो-तीन माह पहले ही हुई थी शादी
परिजनों के अनुसार, विपोल मंडल की करीब दो-तीन माह पहले कन्हैया स्थान में शादी हुई थी। युवक की मौत के बाद उसकी पत्नी और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी मातम का माहौल है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
मृतक के माता-पिता ने विपोल की गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के गले पर निशान मिला है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
![]()




