घाघरा (गुमला)। घाघरा कॉलेज मोहल्ला में स्थित आम बागवानी में अचानक आग लगने से कई आम के पौधे जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए, जबकि कई पौधे बुरी तरह झुलस गए। आग लगने से पीड़ित किसान घाघरा निवासी श्याम महली एवं विनय महली को भारी नुकसान हुआ है।
पीड़ित किसानों ने बताया कि वर्ष 2020 में मनरेगा योजना के तहत ढाई एकड़ भूमि में आम की बागवानी कराई गई थी। बागवानी क्षेत्र में घास अधिक होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उसे बुझाने का हर प्रयास विफल रहा।
आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। इस घटना को लेकर विनय महली ने घाघरा थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। वहीं पीड़ित किसानों ने प्रखंड प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है, ताकि दोबारा आम की बागवानी की जा सके।