“FIR के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन,केंद्र सरकार का पुतला दहन”
राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, केंद्र सरकार का पुतला फूंका

कोटालपोखर संवाददाता।
साहेबगंज, 31 अगस्त 2026। अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार सोमवार को साहेबगंज जिले के श्रीकुंड चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में दर्ज प्राथमिकी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकतुल्लाह खान ने किया।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाने का कोई भी प्रयास संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने सामाजिक न्याय एवं संवैधानिक मूल्यों के विरुद्ध किए गए कृत्य के लिए जिम्मेदार भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग भी उठाई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक न्याय और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। विपक्षी नेताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने अथवा राजनीतिक दबाव बनाने की किसी भी कोशिश का पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से पुरजोर विरोध करेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक तरीके से जनता के मुद्दों को उठाते रहने का आह्वान किया।
प्रदर्शन में प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू, प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष अशोक कुमार दास, अब्दुल कादिर, दिलदार आलम, रबीउल इस्लाम, भोलानाथ महतो, काजल, नेहाल अख्तर, मिथुन मंडल, हबीबुल्लाह, रंजीत भंडारी, शमीम मंसूरी, समीम, गुड्डू, शमीम अख्तर, तैमूर अंसारी, अब्दुल लतीफ, रतन पईन, शब्बीर, मोफेजुल, छोटेलाल रमानी, मनावर आलम और मोतिउर रहमान सहित जिला कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारी, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के नेता, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
![]()





